सपा नेता पवन यादव हत्याकांड में बड़ा खुलासा, प्रधानपति ने 5 लाख की सुपारी देकर कराई हत्या
Pawan Yadav Murder Case: प्रयागराज के हंडिया बाजार में सपा नेता और पूर्व प्रधान पवन कुमार यादव की सरेआम हत्या का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस के मुताबिक, राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता और पुरानी रंजिश के चलते मुगरांव गांव के प्रधानपति विनोद यादव ने हत्या की साजिश रची और हिस्ट्रीशीटर जितेंद्र यादव उर्फ लल्ला को 5 लाख रुपये की सुपारी देने का वादा किया।
बुधवार को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें सुपारी देने का आरोपी प्रधानपति विनोद यादव, हिस्ट्रीशीटर जितेंद्र उर्फ लल्ला, बृजेश यादव और निहाल अहमद शामिल हैं। लल्ला और निहाल की गिरफ्तारी के दौरान पुलिस से मुठभेड़ भी हुई, जिसमें दोनों के पैर में गोली लगी। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पंचायत चुनाव की रंजिश से हत्या की साजिश तक
डीसीपी गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने पुलिस लाइन में हत्याकांड का खुलासा करते हुए बताया कि विनोद यादव और Pawan Yadav के बीच पंचायत चुनाव के समय से विवाद चला आ रहा था।
पुलिस के अनुसार, विनोद की ग्राम प्रधान पत्नी को गांव के आंगनबाड़ी केंद्र में ECCE एजुकेटर के पद पर संविदा नियुक्ति मिली थी। पवन यादव ने इस पर आपत्ति की थी। इसके बाद डीएम के आदेश पर महिला को पद से हटा दिया गया। इसी मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच रंजिश और बढ़ गई।
वहीं जितेंद्र यादव उर्फ लल्ला वर्ष 2022 के शशांक हत्याकांड में जेल जा चुका है। पुलिस का कहना है कि उसे शक था कि पवन यादव ने पुलिस की मुखबिरी की थी। करीब डेढ़ महीने पहले विनोद और लल्ला ने पवन की हत्या की साजिश रची।
25 हजार रुपये देकर खरीदा तमंचा, दो युवकों को जोड़ा
पुलिस के मुताबिक, विनोद ने लल्ला को हत्या के बदले 5 लाख रुपये देने का वादा किया और हथियार खरीदने के लिए 25 हजार रुपये दिए। इसके बाद लल्ला ने बगहा हंडिया निवासी बृजेश यादव और ज्ञानपुर, भदोही निवासी निहाल अहमद को 50-50 हजार रुपये देने का लालच देकर अपने साथ मिला लिया।
तीनों ने कई दिनों तक पवन यादव की रेकी की। मंगलवार शाम हंडिया बाजार में मौका मिलने पर लल्ला, बृजेश और निहाल ने पवन यादव पर गोली चला दी।
CCTV फुटेज और दूसरे साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने सरायकस्तूरी बाग के पास से विनोद और बृजेश को पकड़ा। वहीं हंडिया पुलिया से जसवा की ओर नहर रोड स्थित बाग के पास पुलिस मुठभेड़ में लल्ला और निहाल गिरफ्तार हुए। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल दो तमंचे और बाइक भी बरामद की है।
शव रखकर तीन घंटे चक्काजाम
पोस्टमॉर्टम के बाद Pawan Yadav के परिजन, ग्रामीण और समर्थक शव लेकर हाईवे पर पहुंच गए और चक्काजाम कर दिया। करीब तीन घंटे तक प्रयागराज-वाराणसी और वाराणसी-कानपुर मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर जाम समाप्त कराया।

