PM Modi के 25 साल पूरे, UP में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आगाज, महीने भर चलेंगे कार्यक्रम

Seva Sankalp Abhiyan: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर उत्तर प्रदेश में ‘सेवा संकल्प अभियान’ शुरू होने जा रहा है। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान में ‘विकसित भारत-2047’ को सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प के रूप में पेश किया जाएगा। अभियान के दौरान केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से हुए बदलावों को लोगों तक पहुंचाने के साथ विभिन्न स्तरों पर सेवा और जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रम आयोजित होंगे।

अभियान की जिम्मेदारी उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय को दी गई है। वह शासन से लेकर जनपद स्तर तक त्रिस्तरीय समन्वय बनाएंगे। अभियान में केंद्र सरकार के 12 वर्षों और राज्य सरकार के 10 वर्षों के विकास कार्यों से आए बदलावों को भी प्रमुखता से प्रस्तुत किया जाएगा। करीब 1.25 लाख जनप्रतिनिधियों के वंदे मातरम गायन का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है।

17 सितंबर को ‘सेवा दिवस’ से शुरुआत

अभियान (Seva Sankalp Abhiyan) की शुरुआत 17 सितंबर को ‘सेवा दिवस-आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। शाम 7 बजे घरों और प्रतिष्ठानों पर दीप प्रज्वलित कर लोगों से सेवा और विकसित भारत के संकल्प से जुड़ने का आह्वान किया जाएगा।

सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों का त्रिस्तरीय डेटा बैंक भी तैयार किया जाएगा। इसमें करीब 4.19 करोड़ परिवारों और 15.74 करोड़ लाभार्थियों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।

स्कूलों में ‘मेरे सपनों का भारत: चित्र सेवा’ के तहत 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक प्रतियोगिताएं होंगी। कक्षा 5 से 8 तक चित्रकला और कक्षा 9 से 12 तक चित्रकला व भाषण प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। 7 अक्टूबर को राज्य स्तरीय प्रदर्शनी होगी।

हर विधानसभा में होंगे 7 कार्यक्रम

अभियान के दौरान प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में सात कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ‘सेवा की कहानी’ डिजिटल और रील अभियान के तहत 25 लाख लाभार्थियों के जीवन में आए बदलावों पर 60 सेकंड की रील तैयार करने का लक्ष्य है।

25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक ‘आंगन मिलन सेवा’ के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों पर तीन दिवसीय उत्सव और संवाद होंगे। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, आशा दीदियों और उत्कृष्ट लाभार्थी माताओं को सम्मानित किया जाएगा।

7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा-विकसित भारत का संकल्प’ निकाली जाएगी और प्रमुख चौराहों पर सेवा कलश स्थापित किए जाएंगे।

UP की नदियों के जल से काशी से वडनगर तक यात्रा

‘वडनगर से वाराणसी यात्रा’ के तहत 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक उत्तर प्रदेश की 10 नदियों का जल लेकर 10 टोलियां काशी से वडनगर, गुजरात जाएंगी। वहीं ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान में नागरिकों को 25 सेवा गतिविधियों में से किसी एक से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत विकासखंड और नगरीय निकाय स्तर पर 5 से 7 दिवसीय बहुउद्देशीय शिविर लगाए जाएंगे। युवाओं के लिए ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ रखा गया है। विश्वविद्यालयों, इंजीनियरिंग कॉलेजों, ITI और पॉलीटेक्निक संस्थानों में ओरिएंटेशन और मोटिवेशन कार्यक्रम होंगे।

17 अक्टूबर को ‘सुशासन सेवा संवाद’ के साथ अभियान का समापन होगा। ऐतिहासिक स्मारकों और पर्यटन स्थलों पर विकास यात्रा दिखाने वाले लेजर शो होंगे। प्रमुख तीर्थस्थलों और शक्तिपीठों में महायज्ञ व विशेष अनुष्ठान भी प्रस्तावित हैं।

Also Read: UP के 75 जिलों तक पहुंचेगा Bharat Taxi मॉडल, सस्ते में मिलेगी बाइक, ऑटो-कैब की सुविधा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.