कैमरून में बोको हराम का भीषण हमला, सो रहे 13 ग्रामीणों की निर्मम हत्या

Sandesh Wahak Digital Desk: कैमरून के सुदूर उत्तरी क्षेत्र में संदिग्ध बोको हराम के आतंकवादियों ने एक बार फिर खूनी खेल खेला है। आतंकियों के कथित हमले में कम से कम 13 नागरिकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। यह खौफनाक वारदात गुरुवार तड़के स्थानीय समयानुसार रात 1 से 2 बजे के बीच लोगोन-एट-चारी डिवीजन के मकरी सब-डिवीजन स्थित माडेगौआ इलाके में हुई।

स्थानीय अधिकारियों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि जिस समय हमलावरों ने धावा बोला, उस वक्त ग्रामीण अपने-अपने घरों में बेखबर सो रहे थे। हथियारबंद आतंकी अचानक गांव में घुसे और अंधाधुंध गोलीबारी कर 13 लोगों को मौके पर ही मौत के घाट उतार दिया। इस हमले में बाल-बाल बचा एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बदले की कार्रवाई हो सकता है हमला

स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों का मानना है कि यह नरसंहार आतंकियों की हताशा और बदले की कार्रवाई का नतीजा हो सकता है। दरअसल, कुछ माह पूर्व ही सुरक्षा बलों ने मुस्तैदी दिखाते हुए बोको हराम के आतंकियों के लिए ले जाए जा रहे गोला-बारूद के एक बड़े जखीरे को जब्त कर उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया था। उसी का बदला लेने के लिए ग्रामीणों को निशाना बनाया गया है।

अगस्त में भी बोला था हमला, 8 ग्रामीणों की गई थी जान

कैमरून का यह इलाका लंबे समय से बोको हराम की हिंसा झेल रहा है। इससे पहले 7 अगस्त की रात करीब 11 बजे संदिग्ध बोको हराम आतंकियों ने कांगलेरी (Kangleri) गांव पर हमला किया था। अंधेरे का फायदा उठाकर आए आतंकियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी, जिसमें 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी और 3 गंभीर रूप से घायल हुए थे। बाद में इलाज के दौरान दो और घायलों ने दम तोड़ दिया था, जिससे मृतकों की संख्या 8 हो गई थी।

Also Read: ‘वोट चोरी, सरकार चोरी, अब पार्टी चोरी’! ममता के समर्थन में उतरे राहुल, सरकार और EC को घेरा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.