एशियन गेम्स में भारत का तूफानी अंदाज, जापान को 57 रन पर समेटकर सेमीफाइनल में मारी एंट्री
India Women vs Japan Women: एशियन गेम्स 2026 के महिला क्रिकेट क्वार्टर फाइनल में भारतीय महिला टीम ने जापान को 8 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। भारतीय गेंदबाजों ने जापान को 20 ओवर भी नहीं खेलने दिए और पूरी टीम 57 रन पर ऑलआउट हो गई।
जापान की ओर से अयाका काटो-स्टैफोर्ड ने सबसे ज्यादा 25 रन बनाए। भारत के लिए श्री चरणी ने 4 विकेट, जबकि श्रेयंका पाटिल ने 2 विकेट लिए। दीप्ति शर्मा और शेफाली वर्मा को भी एक-एक सफलता मिली।
58 रन का लक्ष्य, भारत ने 5 ओवर में किया हासिल
58 रन के छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने 5 ओवर में 2 विकेट खोकर 59 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया। शेफाली वर्मा ने तेज पारी खेली। भारत को शुरुआत में जी कमलिनी और भारती फुलमाली के विकेट गंवाने पड़े, लेकिन लक्ष्य इतना छोटा था कि टीम को परेशानी नहीं हुई।
इस मुकाबले में जापान के लिए एक ऐतिहासिक मौका भी था। उसकी महिला टीम ने पहली बार किसी फुल मेंबर नेशन के खिलाफ T20I मुकाबला खेला। दूसरे ओवर में नोनोहा यासुमोटो ने मेडन ओवर डाला और जी कमलिनी का विकेट लिया।
सेमीफाइनल में भारत का सामना बांग्लादेश से
इस जीत के साथ भारत एशियन गेम्स के महिला क्रिकेट सेमीफाइनल में पहुंचने वाली चौथी टीम बन गई। पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश पहले ही अंतिम चार में पहुंच चुके थे। बारिश के कारण बांग्लादेश-चीन क्वार्टर फाइनल नहीं हो सका और सीडिंग के आधार पर बांग्लादेश आगे बढ़ा। सेमीफाइनल में भारत का सामना बांग्लादेश से होगा।

