लखनऊ में चलती स्कूल बस के इंजन में लगी आग, 5 साल का बच्चा झुलसा

Lucknow News: लखनऊ के इटौंजा थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह करीब 7:30 बजे बड़ा हादसा टल गया। जमखानवा गांव से करीब 25 बच्चों को शार्प ग्लोबल स्कूल, मानपुर इटौंजा ले जा रही स्कूल बस के इंजन में अचानक आग लग गई। बस फोर्स ट्रैवलर थी और उसका नंबर UP 81 BT 6203 बताया गया है।

घटना बगहा पुरवा के पास हुई। इंजन से आग निकलते ही बस में सवार बच्चों के बीच अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद बच्चों को बस से बाहर निकाला गया। इसी दौरान एक 5 साल के बच्चे का हाथ गर्म बोनट से छू गया, जिससे उसका हाथ झुलस गया।

बच्चे का अस्पताल में कराया इलाज

हादसे के बाद बच्चे को तत्काल इटौंजा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां उसका इलाज कराया गया। उपचार के बाद परिजन बच्चे को अपने साथ घर ले गए। बच्चे की हालत को लेकर किसी गंभीर स्थिति की सूचना नहीं है।

बस में सवार बाकी सभी बच्चे सुरक्षित बताए जा रहे हैं। वहीं किसी और अन्य बच्चे के घायल होने की जानकारी नहीं मिली है।

मौके पर बुझाई गई आग

बस के इंजन में लगी आग को मौके पर ही बुझा दिया गया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने भी मौके की स्थिति का जायजा लिया। पुलिस के मुताबिक, फिलहाल मौके पर स्थिति सामान्य है।

आग किस वजह से लगी, इसकी वजह अभी स्पष्ट नहीं बताई गई है। घटना के बाद स्कूल बसों की सुरक्षा और तकनीकी जांच को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

Also Read: पूर्व सैनिकों के लिए सुनहरा मौका: GDA में सुरक्षा गार्ड्स के पदों पर निकली भर्ती, सैलरी में भी इजाफा 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.