एटा: खेत में चल रहा था फर्जी मेडिकल कॉलेज, चायवाला था मालिक, 4 साल में बांट दी सैकड़ों डिग्रियां
Etah Fake Medical College: उत्तर प्रदेश के एटा के मारहरा क्षेत्र में फर्जी मेडिकल कॉलेज और यूनिवर्सिटी चलाकर छात्रों से ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा हुआ है। करीब चार साल से खेत में चल रहे इस संस्थान में डी-फार्मा, बी-फार्मा, बीएससी नर्सिंग, डीएमएलटी, बीएमएलटी, बीएएमएस, जीएनएम और एएनएम जैसे कोर्स में दाखिले के नाम पर छात्रों से रकम ली जाती थी और बाद में फर्जी डिग्री व मार्कशीट थमा दी जाती थी।
मामला तब सामने आया, जब संस्थान के कथित प्रबंधक सतेन्द्र कुमार ने छात्रों का पैसा लौटाने से बचने के लिए अपने अपहरण और दो लाख रुपये की फिरौती की झूठी कहानी रच दी। पुलिस जांच में अपहरण का मामला फर्जी निकला, लेकिन इसी दौरान फर्जी डिग्री के पूरे गोरखधंधे का पर्दाफाश हो गया।
चायवाले के नाम पर बना दिया कॉलेज का मालिक
ASP श्वेताभ पांडेय के मुताबिक, 16 सितंबर को रामसेवक ने डायल-112 पर सूचना दी थी कि बीएस मेडिकल कॉलेज एंड यूनिवर्सिटी (BS Medical College and University) के प्रबंधक सतेन्द्र कुमार का तीन युवकों ने अपहरण कर लिया है और दो लाख रुपये की फिरौती मांगी है। पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू की। SSP डॉ. इलामारन जी भी मौके पर पहुंचे। जांच आगे बढ़ी तो अपहरण की कहानी झूठी निकली।
पुलिस को पता चला कि सतेन्द्र कुमार वर्ष 2022 से फर्जी तरीके से संस्थान (Etah Fake Medical College) चला रहा था। वह खुद को प्रबंधक और कुलाधिपति बताता था। जांच में सामने आया कि कॉलेज का मालिक भगवान दास को बनाया गया था, जो चाय की दुकान चलाता है और उसे खुद यह जानकारी नहीं थी कि उसके नाम पर कोई कॉलेज संचालित हो रहा है।
मोहम्मद शरीफ कुरैशी को संस्थान का प्राचार्य बताया गया था। वहीं गिरफ्तार आरोपियों में गौरव अग्रवाल भी शामिल है, जो रिटायर्ड CMO का बेटा बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार उसके पास भी कोई डिग्री नहीं है।
कॉलेज में ही तैयार होती थीं फर्जी मार्कशीट
आगरा के सिकंदरा क्षेत्र निवासी जितेंद्र सिंह ने शिकायत में आरोप लगाया कि सतेन्द्र कुमार और उसके साथियों ने उनके चाचा की बेटी समेत कई छात्रों को GNM कोर्स कराया और बाद में फर्जी पेपर व डिग्री दे दी। आरोप है कि छात्रों के तीन साल बर्बाद हो गए।
पूछताछ में सतेन्द्र ने पहले दावा किया कि उसका कॉलेज हाथरस के एक संस्थान से जुड़ा है, लेकिन बाद में उसने किसी दूसरे कॉलेज का नाम बताया। पुलिस ने दोनों संस्थानों से भी संपर्क किया है। जांच में सामने आया कि परीक्षा के पेपर और मार्कशीट इसी फर्जी संस्थान में तैयार किए जाते थे।
पुलिस ने दस्तावेज और बैंक लेनदेन के आधार पर भगवान दास, नरेंद्र कुमार उर्फ पप्पू, गौरव अग्रवाल और मोहम्मद शरीफ कुरैशी को गिरफ्तार किया है। अब पुलिस फर्जी मेडिकल कॉलेज (Etah Fake Medical College) के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और छात्रों से की गई ठगी की रकम का पता लगा रही है।
Also Read: 198 किलो गांजा, कीमत 50 लाख, मिर्जापुर में STF ने अंतरराज्यीय तस्कर को किया गिरफ्तार

