BJP को संजय निषाद की खुली चेतावनी, बोले- ‘आरक्षण नहीं मिला तो आपको भी मिलेगा धोखा’
Sanjay Nishad on Nishad Reservation: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले निषाद पार्टी के अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने आरक्षण के मुद्दे पर भाजपा के सामने अपनी मांग मजबूती से रखी है। प्रयागराज (Prayagraj) में आयोजित संवैधानिक सुरक्षा अधिकार सम्मेलन में उन्होंने कहा कि निषाद समाज ने गठबंधन में पूरा समर्थन दिया है, इसलिए अब उसके हिस्से की मांग भी पूरी होनी चाहिए।
तेलियरगंज के NRIPT परिसर में आयोजित कार्यक्रम में संजय निषाद ने कहा कि कांग्रेस, सपा और बसपा ने भी निषाद समाज का इस्तेमाल वोट के लिए किया, लेकिन आरक्षण नहीं दिया। उन्होंने भाजपा से पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के दौर में बने ‘रोटी-बेटी’ के रिश्ते को फिर मजबूत करने की बात कही। उनका कहना था कि अगर निषाद समाज को आरक्षण नहीं मिला तो भाजपा को भी इसका नुकसान उठाना पड़ेगा।
‘वोट पूरा दिया तो हिस्सा भी पूरा चाहिए’
संजय निषाद (Sanjay Nishad) ने कहा कि गंगा-यमुना के किनारे रहने वाली निषाद समाज की उपजातियों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने दावा किया कि 2027 में इन्हीं समुदायों के समर्थन से विधानसभा का रास्ता तय होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा के साथ गठबंधन के समय मछुआ समाज का आरक्षण भी प्रमुख मुद्दा था।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि निषाद समाज झुकने वाला नहीं है और राजनीतिक दलों को चेतावनी देते हुए कार्यकर्ताओं से कहा कि वोट मांगने आने वालों का जवाब ‘जय निषादराज’ से दें। साथ ही उन्होंने ‘K, L, M, N’ का राजनीतिक समीकरण बताते हुए कश्यप, लोधी, मझवार और निषाद समुदायों का जिक्र किया।
Sanjay Nishad ने ‘मलाई काटने’ के आरोपों पर भी जवाब दिया। उन्होंने कहा कि सरकार में रहते हुए ही समाज के लोगों को पद और हिस्सेदारी मिली है। साथ ही साफ कहा कि निषाद पार्टी बहुत कुछ सह सकती है, लेकिन धोखेबाजी को माफ नहीं करेगी। उन्होंने अपने परिवार को लेकर लगाए जा रहे परिवारवाद के आरोपों का भी जवाब दिया और कहा कि प्रयागराज से जीत में निषाद पार्टी के कार्यकर्ताओं का योगदान रहा है।
विनोद तावड़े से मुलाकात के बाद सीटों पर भी दावा
इससे पहले भाजपा के यूपी प्रभारी विनोद तावड़े (Vinod Tawde) ने संजय निषाद से मुलाकात की थी। इसके बाद संजय निषाद ने उन विधानसभा सीटों पर निषाद पार्टी के लिए मौका देने की मांग रखी, जहां भाजपा लंबे समय से जीत नहीं सकी है और मछुआ समाज की अच्छी आबादी है। उन्होंने कहा कि ऐसी सीटें मिलने पर उनकी पार्टी भाजपा को जीत दिलाने में सहयोग कर सकती है।
हालांकि, Sanjay Nishad ने यह भी कहा है कि निषाद पार्टी 2027 में NDA के साथ रहेगी और समुदाय के अधिकारों की लड़ाई जारी रखेगी।
Also Read: मायावती ने फिर बदला फैसला, दीपिका आउट, भतीजे ईशान आनंद को मिलेगी बड़ी जिम्मेदारी

