सपा सांसद पर केस कराने वाला दलित युवक लापता, पप्पू निषाद के PA समेत 4 पर अपहरण की FIR
Sant Kabir Nagar News: उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर में गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान हुए विवाद ने नया मोड़ ले लिया है। सपा सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद (Pappu Nishad) और उनके समर्थकों पर केस कराने वाला युवक विशाल कुमार संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है। उसके भाई की तहरीर पर पुलिस ने सांसद के PA समेत चार लोगों के खिलाफ अपहरण और SC/ST एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने युवक की तलाश के लिए दो टीमें लगाई हैं।
बखिरा क्षेत्र के संतोषपुर गांव निवासी विशाल के भाई ओमप्रकाश कुमार का आरोप है कि रविवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे कदमा निवासी जिला पंचायत सदस्य विश्वकेतु यादव ने विशाल को फोन कर सांसद Pappu Nishad के घर चलने को कहा था। वहां अशोक यादव, सांसद के PA धर्मेंद्र यादव और जितेंद्र यादव के मिलने की बात कही गई।
ओमप्रकाश के मुताबिक, दोपहर करीब 12 बजे जब उसने भाई को फोन किया तो विशाल ने बताया कि वह उक्त लोगों के साथ है। इसके बाद वह घर नहीं लौटा और उसका मोबाइल भी बंद हो गया। परिवार ने अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने विश्वकेतु यादव, धर्मेंद्र यादव, अशोक यादव और जितेंद्र यादव के खिलाफ केस दर्ज किया है।
गणेश विसर्जन विवाद से जुड़ा है मामला
दरअसल, 18 सितंबर की रात बखिरा क्षेत्र के अमरडोभा चौराहे पर गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान सांसद पप्पू निषाद (Pappu Nishad) के काफिले को लेकर विवाद हुआ था। सांसद की ओर से अज्ञात लोगों पर पथराव और उनके वाहनों में तोड़फोड़ का आरोप लगाया गया था। पुलिस ने इस शिकायत पर भी केस दर्ज किया था।
वहीं विशाल ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया था कि सांसद और उनके समर्थक जुलूस के बीच से वाहनों को निकाल रहे थे। इसी दौरान सांसद की गाड़ी की चपेट में आने से उसके पैर और घुटने में चोट लगी। उसने सांसद के समर्थकों पर गाली-गलौज, धमकी और ईंट-पत्थर चलाने के आरोप लगाए थे। इस शिकायत पर सांसद, जिला पंचायत सदस्य विश्वकेतु यादव और अन्य लोगों के खिलाफ SC/ST एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में FIR दर्ज हुई थी।
दो टीमें तलाश में जुटीं
एसपी संदीप कुमार मीना के अनुसार, लापता युवक की तलाश और सकुशल बरामदगी के लिए पुलिस की दो टीमें लगाई गई हैं। नामजद लोगों से जुड़े संभावित स्थानों के साथ युवक के संपर्क और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Also Read: ASI हत्याकांड में पंजाब पुलिस का बड़ा एक्शन, मुख्य आरोपी दीपक सिंह एनकाउंटर में ढेर

