Lucknow News: अखिलेश यादव ने बताया सपा का चुनावी प्लान, बोले- जनता के बीच जाएंगे कार्यकर्ता
Lucknow News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा रिकॉर्ड सीटें जीतकर उत्तर प्रदेश में सरकार बनाएगी।
सोमवार को पार्टी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने भाजपा सरकार पर महंगाई, बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार और सरकारी नौकरियों के मुद्दे पर निशाना साधा।
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में किसानों, नौजवानों, बुनकरों और अन्य वर्गों के लिए ठोस काम नहीं हुआ।
उन्होंने कहा कि सरकार के पास महंगाई और बेरोजगारी का कोई समाधान नहीं है। अखिलेश के मुताबिक भाजपा अब नकारात्मक प्रचार का सहारा ले रही है और एआई का इस्तेमाल जनहित के बजाय प्रचार के लिए किया जा रहा है।
सरकारी नौकरियों और पेपर लीक पर सरकार को घेरा
अखिलेश यादव ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी ने सरकारी नौकरियों में कथित अनियमितताओं को लेकर ऑडिट रिपोर्ट जारी की थी, जिसमें 11 हजार से अधिक पदों का उल्लेख था।
उन्होंने कहा कि सरकार ने अब तक इसका कोई जवाब नहीं दिया।
उन्होंने पेपर लीक का मुद्दा उठाते हुए दावा किया कि देश में बड़े पैमाने पर परीक्षाओं के पेपर लीक हुए और उत्तर प्रदेश में भी 20 से अधिक परीक्षाओं के पेपर लीक होने की बात सामने आई।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार सरकारी नौकरियों के बजाय आउटसोर्सिंग को बढ़ावा दे रही है। अखिलेश ने आउटसोर्सिंग व्यवस्था में कमीशनखोरी का भी आरोप लगाया।
अंबेडकर प्रतिमाओं और कानून-व्यवस्था का मुद्दा उठाया
सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि प्रदेश में पीडीए समाज के साथ भेदभाव और अपमान हो रहा है।
उन्होंने अंबेडकर प्रतिमाओं को नुकसान पहुंचाए जाने के मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि कई मामलों में एफआईआर दर्ज होने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने प्रदेश में क्षतिग्रस्त अंबेडकर प्रतिमाओं की सूची जारी की है। अखिलेश ने कहा, “सबसे पहले मूर्तियों के हाथ तोड़े गए, क्योंकि बाबा साहब के हाथ में संविधान होता है।”
कानून-व्यवस्था को लेकर अखिलेश यादव ने हाथरस की घटना, पुलिस हिरासत में मौतों और खजनी में पुलिस पिटाई से मौत का जिक्र किया।
उन्होंने आरोप लगाया कि पीड़ितों को न्याय नहीं मिल रहा है। स्वास्थ्य सेवाओं पर भी उन्होंने सरकार को घेरा और कहा, “स्वास्थ्य विभाग खुद बीमार है, उसे इलाज की जरूरत है।”
‘चुनाव की तारीख आते ही भाजपा हार जाएगी’
अखिलेश यादव ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं से मिले फीडबैक के आधार पर आगामी चुनाव की रणनीति तैयार की जाएगी।
उन्होंने कार्यकर्ताओं और नेताओं से जनता के बीच जाने की अपील की।
सपा अध्यक्ष ने कहा, “जिस दिन चुनाव की तारीख आएगी, उसी दिन भाजपा हार जाएगी।”
उन्होंने दावा किया कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी और प्रदेश में कानून का राज स्थापित कर व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा।
Also Read: Apple मैनेजर विवेक तिवारी हत्याकांड: पूर्व सिपाही प्रशांत चौधरी को 10 साल की सजा

