जमुई कांड पर तगड़ी कार्रवाई, वीडियो वायरल करने वाले 120 सोशल मीडिया अकाउंट पर FIR, 3 गिरफ्तार
Bihar Jamui Case: बिहार के जमुई में नाबालिग लड़के और लड़की से अभद्र व्यवहार का वीडियो वायरल होने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। नाबालिग पीड़िता की पहचान उजागर करते हुए वीडियो शेयर करने के आरोप में करीब 120 सोशल मीडिया प्रोफाइल धारकों के खिलाफ साइबर थाने में FIR दर्ज की गई है।
जमुई के एसपी विश्वजीत दयाल ने देर रात मीडिया से बातचीत में कहा कि नाबालिग पीड़िता की पहचान दिखाकर वीडियो वायरल करना गंभीर अपराध है। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसे वीडियो को शेयर या वायरल न करें। एसपी ने कहा कि पुलिस निष्पक्ष तरीके से मामले की जांच कर रही है और मुख्य आरोपी को जल्द कानून के शिकंजे में लाया जाएगा।
3 आरोपी गिरफ्तार, SIT कर रही जांच
एडीजी लॉ एंड ऑर्डर केएस अनुपम ने बताया कि मामले में अब तक तीन नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें दो की उम्र 17 से 18 वर्ष के बीच बताई गई है।
जमुई थाने में BNSS की धारा 128, 74 और 75 के साथ POCSO Act की धारा 8 और 12 के तहत केस दर्ज किया गया है। जांच के लिए SIT गठित की गई है, जिसकी निगरानी जमुई SDPO के नेतृत्व में हो रही है।
घटना के समय 7-8 युवकों के नाम सामने आए
पुलिस के मुताबिक घटना जमुई-लखीसराय (Jamui-Lakhisarai) मुख्य मार्ग से करीब तीन किलोमीटर दूर पहाड़ी इलाके में शाम 6:25 से 6:30 बजे के बीच हुई। अब तक 7-8 युवकों के नाम जांच में सामने आए हैं। पुलिस सभी की भूमिका की जांच कर रही है और जो भी घटना में शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है। साथ ही घटनास्थल पर पेट्रोलिंग व्यवस्था की भी समीक्षा की जाएगी।
एसपी ने साफ कहा कि नाबालिग पीड़िता से जुड़ा वीडियो (Jamui Viral Video Case) प्रसारित करने वालों पर भी कार्रवाई होगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वीडियो को आगे न फैलाएं और पीड़िता की पहचान सार्वजनिक न करें।
Also Read: दिल्ली में गैंगरेप, पुलिसकर्मी बनकर 3 लोगों ने नाबालिग से किया दुष्कर्म, एनकाउंटर में एक आरोपी ढेर

