Lucknow News: सई नदी में डूबे तीनों युवकों के शव बरामद, गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुआ था हादसा
Lucknow News: लखनऊ के मोहनलालगंज स्थित जबरैला पुल के पास सई नदी में डूबे तीनों युवकों के शव बुधवार को राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाल लिए हैं। मृतकों की पहचान धीरज (35), हरिप्रसाद (40) और प्रमोद (22) के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
यह दुर्घटना मंगलवार शाम करीब 4:30 बजे की है, जब सिसेंडी गांव के ग्रामीण गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए सई नदी तट पर पहुंचे थे। प्रक्रिया के दौरान धीरज अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे संकट में देख हरिप्रसाद पानी में उतरा, लेकिन वह भी बहाव में फंस गया। इसके बाद दोनों को बचाने की कोशिश में प्रमोद भी नदी में कूद पड़ा, जिससे तीनों ही हादसे का शिकार हो गए और देखते ही देखते लापता हो गए।
SDRF का रातभर चला सर्च ऑपरेशन
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और गोताखोर मौके पर पहुंचे। इसके तुरंत बाद SDRF की दो टीमों ने नाव और बचाव उपकरणों के साथ मोर्चा संभाला। अंधेरा होने के बावजूद रातभर खोज अभियान जारी रखा गया। बुधवार सुबह टीम को धीरज और हरिप्रसाद के शव मिले, जिसके बाद तीसरे युवक की तलाश और तेज कर दी गई।
बुधवार सुबह करीब 11:45 बजे SDRF की टीम ने तीन किलोमीटर के दायरे में सघन खोज अभियान चलाकर प्रमोद का शव भी नदी से बरामद कर लिया। तीनों शवों को बाहर निकालने के बाद पुलिस ने विधिक कार्रवाई शुरू कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
Also Read: अंसल मामले की NCLT में सुनवाई आज, सुशांत गोल्फ सिटी के 5 हजार आवंटियों को राहत मिलने की उम्मीद

