Lucknow News: कर्मचारी आंदोलन के वरिष्ठ नेता नरेंद्र प्रताप सिंह का निधन, संगठनों में शोक की लहर
Lucknow News: उत्तर प्रदेश राज्य कर्मचारी महासंघ के संरक्षक, उत्तर प्रदेश मिनिस्ट्रीयल सर्विसेज एसोसिएशन के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और वर्तमान संरक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह का देर रात हृदय गति रुकने से निधन हो गया।
उनके निधन की खबर से कर्मचारी संगठनों में शोक की लहर है।
नरेंद्र प्रताप सिंह की अंतिम यात्रा बुधवार को इंदिरा नगर स्थित उनके आवास से बैकुंठ धाम पहुंची। गोमती नदी के किनारे स्थित बैकुंठ धाम में सुबह करीब 11 बजे उनका अंतिम संस्कार किया गया।
उनके पुत्र कुशम्बु सिंह ने मुखाग्नि दी। इस दौरान बड़ी संख्या में सेवारत और सेवानिवृत्त कर्मचारी मौजूद रहे।
कर्मचारी संगठनों ने दी अंतिम विदाई
अंतिम संस्कार के दौरान कर्मचारियों ने ‘नरेंद्र प्रताप सिंह अमर रहें’ और ‘नरेंद्र प्रताप को लाल सलाम’ के नारे लगाए।
कर्मचारी नेताओं ने उन्हें कर्मचारी आंदोलन का मजबूत स्तंभ और कर्मचारियों का अभिभावक बताया।
इस मौके पर अखिल भारतीय राज्य सरकारी पेंशनर्स फेडरेशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एसपी सिंह, राज्य अध्यक्ष अमरनाथ यादव, बीएल कुशवाह, ओपी त्रिपाठी, अंगद सिंह, कमलेश मिश्रा, हेमंत गूजर, अशोक सिंह, परमेश्वर सिंह, परवेज खान, धर्मेंद्र सिंह, श्याम सिंह, संदीप पांडे, मंसूर अली समेत बड़ी संख्या में कर्मचारी नेता मौजूद रहे।
‘कर्मचारी आंदोलन ने अपना सिपहसालार खो दिया’
कर्मचारी नेता अफीफ सिद्दीकी ने कहा कि नरेंद्र प्रताप सिंह के निधन से कर्मचारियों ने अपना अभिभावक खो दिया है।
उन्होंने कहा कि कर्मचारी आंदोलन में उनके योगदान और भूमिका की भरपाई आसान नहीं होगी।
अफीफ सिद्दीकी के मुताबिक, अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुभाष लांबा ने भी फोन पर शोक व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि कर्मचारी आंदोलन ने अपनी अग्रिम पंक्ति का एक महत्वपूर्ण सिपहसालार खो दिया है और नरेंद्र प्रताप सिंह की रिक्तता को भरना मुश्किल होगा।
Also Read: जीरो कमीशन पर चलेगी भारत टैक्सी, चालक को पांच लाख की सामाजिक सुरक्षा: सीएम योगी

