सहारनपुर के बाद मेरठ में करेंसी चेस्ट से मिले लाखों के नकली नोट, 186 बैंक शाखाएं रडार पर

Meerut Fake Currency Chest: यूपी में करेंसी चेस्ट (Currency Chest) से नकली नोट मिलने का एक और मामला सामने आया है। सहारनपुर के बाद अब मेरठ में मंगलपांडे नगर स्थित एक्सिस बैंक की करेंसी चेस्ट में 4 लाख 63 हजार 650 रुपये के नकली नोट मिले हैं। इतनी बड़ी रकम में नकली नोट मिलने के बाद बैंक अधिकारियों से लेकर पुलिस तक में खलबली मच गई है।

मामले की जानकारी करेंसी चेस्ट के प्रबंधक सरताज सिंह ने सिविल लाइन थाने में दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नकली नोटों के स्रोत का पता लगाने के लिए SWAT समेत तीन टीमें लगाई गई हैं।

500 से 10 रुपये तक के नकली नोट

पुलिस के मुताबिक, करेंसी चेस्ट के निरीक्षण के दौरान 1 दिसंबर 2024 से 31 दिसंबर 2025 के बीच अलग-अलग बैंकों से जमा हुई रकम की जांच की गई। इसी दौरान नकली नोटों का पता चला।

मिले नकली नोटों में अलग-अलग मूल्यवर्ग शामिल हैं:

  • 500 रुपये के 805 नोट
  • 200 रुपये के 142 नोट
  • 100 रुपये के 279 नोट
  • 50 रुपये के 97 नोट
  • 20 और 10 रुपये के कुल 1323 नोट

मंगलपांडे नगर की इस करेंसी चेस्ट (Currency Chest) से करीब 186 बैंक शाखाएं जुड़ी हुई हैं। अब जांच का सबसे अहम सवाल यही है कि ये नकली नोट किस बैंक की शाखा से होते हुए करेंसी चेस्ट तक पहुंचे।

एक साल के रिकॉर्ड से खुलेगा राज

एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति के मुताबिक, प्रबंधक की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

जांच टीम संबंधित अवधि में Currency Chest में जमा हुई नकदी का रिकॉर्ड खंगालेगी। किस शाखा ने कब कितनी रकम जमा की, उसमें कौन से नोट शामिल थे और नकली नोट (Fake Notes) किस स्तर पर सिस्टम में पहुंचे, इसका मिलान किया जाएगा। इससे नकली नोटों के स्रोत और उनकी सप्लाई की कड़ी तक पहुंचने में मदद मिलने की उम्मीद है।

Also Read: जौनपुर में ‘क्राइम ब्रांच’ बनकर पहुंचे पुलिसवाले, युवकों को उठाया, थाने में टॉर्चर और 2.12 लाख वसूले, FIR दर्ज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.