लखनऊ में 75 जिलों के NHM कर्मियों का प्रदर्शन, नियमितीकरण और समान वेतन की मांग

UP NHM Employees Protest: लखनऊ में गुरुवार को प्रदेश के सभी 75 जिलों से आए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) कर्मचारियों ने इको गार्डन में प्रदर्शन किया। NHM संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले हुए प्रदर्शन में हजारों कर्मचारी शामिल हुए और नियमितीकरण, समान काम-समान वेतन समेत कई मांगों को लेकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन में ANM, स्टाफ नर्स, लैब टेक्नीशियन (LT), फार्मासिस्ट, डॉक्टर, कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (CHO) और एडमिन स्टाफ समेत अलग-अलग संवर्गों के कर्मचारी शामिल रहे। कर्मचारियों का कहना है कि वे कई वर्षों से संविदा (Contract) पर काम कर रहे हैं, लेकिन उनकी सेवाओं को अब तक स्थायी नहीं किया गया।

28 साल से संविदा पर काम, फिर भी नियमितीकरण नहीं

NHM कर्मियों का कहना है कि कई कर्मचारी 12 से 18 साल तक सेवा दे चुके हैं, जबकि कुछ कर्मचारी करीब 28 साल से संविदा व्यवस्था में काम कर रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें नियमित कर्मचारी का दर्जा नहीं मिला है। कर्मचारियों ने संविदा और आउटसोर्सिंग व्यवस्था खत्म कर नियमित नियुक्ति की मांग की।

कर्मचारियों के मुताबिक कोविड काल के दौरान भी उन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर स्वास्थ्य सेवाएं दीं। इसके बावजूद वेतन और नौकरी की सुरक्षा को लेकर स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।

कर्मचारियों ने आउटसोर्स कर्मचारियों को भी NHM में शामिल करने, ट्रांसफर की सुविधा देने और सभी संवर्गों के लिए समान काम-समान वेतन लागू करने की मांग रखी।

10 हजार रुपये वेतन में परिवार चलाना मुश्किल

कर्मचारियों का कहना है कि करीब 10 हजार रुपये महीने की आय में बच्चों की पढ़ाई, घर का खर्च और अन्य जरूरतें पूरी करना मुश्किल हो रहा है। स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी को लेकर भी कर्मचारियों में नाराजगी है। उनका कहना है कि संविदा कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए पर्याप्त स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध नहीं है।

कर्मचारियों ने सरकार से संविदा कर्मियों के नियमितीकरण के साथ वेतन बढ़ाकर कम से कम 50 हजार रुपये करने की मांग की है। साथ ही, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और परिवारों के लिए सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग उठाई गई है।

12 अक्टूबर को बड़ा आंदोलन

NHM संयुक्त संघर्ष समिति ने नियमितीकरण और समान वेतन की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन धरने का ऐलान किया है। समिति के मुताबिक 12 अक्टूबर को बड़ी संख्या में NHM कर्मचारी लखनऊ पहुंचकर बड़ा आंदोलन करेंगे। कर्मचारियों ने सरकार से जल्द ठोस निर्णय लेने की मांग की है।

Also Read: ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर यूपी में सपा-कांग्रेस का प्रदर्शन, पुलिस से हुई नोकझोंक

Get real time updates directly on you device, subscribe now.