UP में ऑनलाइन फूड स्टोर्स पर UPFSDA का छापा, 4 के लाइसेंस सस्पेंड, Zepto में मिले कॉकरोच

UPFSDA Action: उत्तर प्रदेश में ऑनलाइन फूड डिलीवरी के जरिए घर पहुंचने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। ‘शुद्ध ही शुभ है’ अभियान के तहत उत्तर प्रदेश खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (UPFSDA) ब्लिंकिट, जेप्टो, अमेजन, रिलायंस और मेट्रो जैसे प्लेटफॉर्म से जुड़े वेयरहाउस, डार्क स्टोर्स और खाद्य आपूर्ति केंद्रों की जांच कर रहा है।

अब तक प्रदेश में 149 निरीक्षण किए गए हैं और खाद्य पदार्थों के 21 सैंपल जांच के लिए लिए गए हैं। वहीं, 79 मामलों में सुधार के लिए नोटिस जारी करने की सिफारिश की गई है।

जांच के दौरान गाजियाबाद, कानपुर और आगरा में कई तरह की अनियमितताएं सामने आई हैं। विभाग ने चार स्टोर्स के लाइसेंस निलंबित कर कारोबार बंद कराने की कार्रवाई की है।

Zepto वेयरहाउस में गंदगी, खाद्य सामग्री के पास मिले कॉकरोच

गाजियाबाद में RDL के पास स्थित Zepto वेयरहाउस की जांच में परिसर में गंदगी, दीवारों पर जाले और क्षतिग्रस्त फर्श मिला। खाद्य सामग्री रखने वाली जगह पर कॉकरोच भी पाए गए। इन खामियों के बाद विभाग ने वेयरहाउस का लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई की।

कानपुर में Reliance Mart, Metro और Zepto स्टोर्स की जांच के दौरान भंडारण और लाइसेंस से जुड़ी गड़बड़ियां सामने आईं। कुछ लाइसेंस में नियंत्रित तापमान और कोल्ड स्टोरेज की व्यवस्था दर्ज थी, लेकिन जांच में जरूरी चैंबर नहीं मिले।

एक अन्य मामले में करीब दो साल पहले इस्तीफा दे चुके नॉमिनी का नाम अब भी लाइसेंस पर दर्ज था। कुछ कन्फेक्शनरी उत्पादों में ‘बेस्ट बिफोर’ अवधि से जुड़े नियमों का पालन नहीं किया गया था। विभाग ने कमियां दूर होने तक संबंधित कारोबार बंद कराने और लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई की।

आगरा में 68 हजार रुपये के मखाने सीज

आगरा में खाद्य सुरक्षा विभाग (UPFSDA) ने Reliance स्टोर से RAI LAIES ब्रांड के मखाने के 273 पैकेट सीज किए। इनकी कीमत करीब 68 हजार रुपये बताई गई है।

अभियान के तहत टीमें खाद्य पदार्थों की एक्सपायरी, पैकेजिंग, सुरक्षित भंडारण, तापमान नियंत्रण और डिलीवरी के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जांच कर रही हैं। इसके अलावा खरीद-बिक्री के बिल, सप्लाई रिकॉर्ड, लाइसेंस की शर्तें, कर्मचारियों के स्वास्थ्य रिकॉर्ड, प्रशिक्षण, पेस्ट कंट्रोल और उपकरणों की सफाई से जुड़े दस्तावेज भी देखे जा रहे हैं।

UPFSDA का कहना है कि एक्सपायर्ड या इस्तेमाल के लायक नहीं बची खाद्य सामग्री को अलग रखने और नियमों के मुताबिक निस्तारित करने की व्यवस्था भी जांच के दायरे में है। अभियान का उद्देश्य ऑनलाइन ऑर्डर के जरिए लोगों तक सुरक्षित और अच्छी गुणवत्ता वाला खाद्य सामान पहुंचाना है। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे।

Also Read: आगरा शिक्षक MLC के 3 बूथों पर 26 अक्टूबर को फिर पड़े वोट, आयोग का आदेश

Get real time updates directly on you device, subscribe now.