आगरा शिक्षक MLC के 3 बूथों पर 26 अक्टूबर को फिर पड़े वोट, आयोग का आदेश
UP MLC Election 2026: उत्तर प्रदेश विधान परिषद के आगरा मंडल शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के तीन मतदान केंद्रों पर दोबारा वोटिंग होगी। भारत निर्वाचन आयोग ने 23 अक्टूबर को इन केंद्रों पर हुए मतदान को रद्द करते हुए 26 अक्टूबर को फिर से मतदान कराने का आदेश दिया है। मतदान सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। यह फैसला मतदान के दौरान गड़बड़ी की शिकायतों के बाद लिया गया है।
रिटर्निंग ऑफिसर ने पुनर्मतदान कराने के लिए निर्वाचन आयोग को पत्र भेजा था। आयोग ने मतदान केंद्र संख्या 20, 21 और 26 पर दोबारा वोटिंग का निर्देश दिया है। साथ ही अधिकारियों से कहा गया है कि मतदान में गड़बड़ी के लिए जिम्मेदार लोगों को दोबारा मतदान प्रक्रिया में तैनात न किया जाए।
गड़बड़ी के जिम्मेदार लोगों की पहचान के निर्देश
निर्वाचन आयोग ने निर्देश दिया है कि दोबारा मतदान के दौरान मतदाताओं के दाहिने हाथ की तर्जनी उंगली पर अमिट स्याही लगाई जाएगी। आगरा मंडल के आयुक्त को मतदान में गड़बड़ी के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान करने को कहा गया है। इसमें पुलिसकर्मी और मतदान अधिकारी भी शामिल हैं। आयुक्त को 25 अक्टूबर तक जांच रिपोर्ट सौंपनी होगी।
दोबारा मतदान पूरा होने के बाद वोटों की गिनती कराने के लिए निर्वाचन आयोग से फिर अनुमति मांगी जाएगी।
जिन केंद्रों पर दोबारा मतदान होना है, उनमें मतदान स्थल संख्या 20 पर तहसील परिसर खेरागढ़ के कक्ष संख्या एक और मतदान स्थल संख्या 21 पर क्षेत्र पंचायत कार्यालय सैंया के कक्ष संख्या एक शामिल हैं। तीसरा केंद्र मतदान स्थल संख्या 26 है। इसके अलावा फतेहाबाद स्थित क्षेत्र पंचायत कार्यालय के कक्ष संख्या एक पर भी गड़बड़ी की शिकायत सामने आई थी। इन केंद्रों पर दोबारा मतदान कराने का प्रस्ताव आयोग को भेजा गया था।
शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में कितना हुआ मतदान?
उत्तर प्रदेश विधान परिषद की पांच खंड स्नातक और छह खंड शिक्षक निर्वाचन सीटों के द्विवार्षिक चुनाव के लिए 23 अक्टूबर को मतदान हुआ था। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के आंकड़ों के अनुसार, स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में आगरा में 49.75 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। अन्य क्षेत्रों में मेरठ में 35.81 प्रतिशत, लखनऊ में 39.83 प्रतिशत, वाराणसी में 41.11 प्रतिशत और इलाहाबाद-झांसी में 41.40 प्रतिशत मतदान हुआ।
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में सबसे अधिक 79.32 प्रतिशत मतदान गोरखपुर-फैजाबाद में दर्ज किया गया। बरेली-मुरादाबाद में 73.69 प्रतिशत, वाराणसी में 69.87 प्रतिशत, आगरा में 59.82 प्रतिशत, मेरठ में 57.64 प्रतिशत और लखनऊ में 52.19 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले।
सपा ने लगाए थे धांधली के आरोप, अलीगढ़ में भी भिड़े कार्यकर्ता
आगरा के फतेहाबाद में समाजवादी पार्टी ने पूर्व मंत्री रामसकल गुर्जर पर चुनाव में धांधली कराने का आरोप लगाया था। सपा प्रत्याशी आकाश अग्रवाल का रोते हुए एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में उन्होंने भाजपा पर गड़बड़ी का आरोप लगाया। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी आरोप लगाया था कि पूर्व मंत्री रामसकल गुर्जर वहां वोटों की लूट करा रहे हैं। सपा ने दोबारा मतदान की मांग करते हुए निर्वाचन आयोग से शिकायत की थी।
उधर, अलीगढ़ के अतरौली स्थित केएमवी इंटर कॉलेज के मतदान केंद्र पर भाजपा और सपा कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हो गया था। दोनों पक्षों में मारपीट हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इस मामले में सपा नेता ने बूथ कैप्चरिंग का आरोप लगाते हुए शिकायत दी है। पूर्व सांसद राजवीर सिंह राजू पर भी आरोप लगाए गए हैं।
Also Read: लखनऊ में मिट्टी खनन के विवाद में खूनी संघर्ष, किसान पर गाड़ी चढ़ाने का आरोप

