‘धुरंधर’ के मुरीद हुए ताइवान के प्रतिनिधि मुमिन चेन, शाहरुख-आमिर खान पर भी की बात
Bollywood News: भारत में ताइपे आर्थिक और सांस्कृतिक केंद्र के प्रतिनिधि मुमिन चेन ने फिल्म ‘धुरंधर’ की तारीफ की है।
नई दिल्ली में आयोजित ताइवान फिल्म फेस्टिवल के दौरान उन्होंने कहा कि पिछले साल देखी गई भारतीय फिल्मों में ‘धुरंधर’ उन्हें सबसे प्रभावशाली लगी।
उन्होंने आमिर खान के अभिनय और निर्माता के तौर पर उनके काम की भी सराहना की। साथ ही शाहरुख खान समेत अन्य भारतीय फिल्म सितारों के प्रति अपना सम्मान जताया।
एक समाचार एजेंसी से बातचीत में मुमिन चेन ने भारतीय फिल्मों के प्रति अपनी रुचि साझा की।
उन्होंने बताया कि राजनीति विज्ञान के प्रोफेसर होने और राजनयिक के तौर पर काम करने के कारण वह राजनीतिक विषयों पर बनी फिल्में देखना पसंद करते हैं।
चेन ने कहा, “चूंकि मैं राजनीति विज्ञान का प्रोफेसर हूं और अभी एक राजदूत के तौर पर काम कर रहा हूं, इसलिए मैं भारत में राजनीतिक विषयों वाली काफी फिल्में देखता हूं।
पिछले साल मैंने जो फिल्में देखीं, उनमें ‘धुरंधर’ सबसे प्रभावशाली थी।”
आमिर खान और शाहरुख खान की भी तारीफ
मुमिन चेन ने आमिर खान के काम की खास तौर पर सराहना की। उन्होंने कहा कि वह लंबे समय से आमिर की फिल्में देखते आ रहे हैं।
चेन के मुताबिक, आमिर ऐसी फिल्में बनाते हैं जो भारतीय समाज और गंभीर सामाजिक मुद्दों को सामने लाती हैं।

उन्होंने कहा, “मैं उनकी फिल्में तब से देख रहा हूं, जब वे युवा थे। वे भारतीय समाज और कुछ बहुत ही गंभीर सामाजिक मुद्दों पर बहुत अच्छी फिल्में बनाते हैं। और हां, शाहरुख खान जैसे अन्य बड़े फिल्म सितारों को भी मैं बहुत पसंद करता हूं।”
चेन की ये टिप्पणियां नई दिल्ली में आयोजित ताइवान फिल्म फेस्टिवल के दौरान सामने आईं। इस आयोजन में ताइवान की कई डॉक्यूमेंट्री और ड्रामा फिल्में दिखाई गईं।
इसका उद्देश्य भारतीय दर्शकों को ताइवान की संस्कृति, तकनीक और खेल उपलब्धियों से परिचित कराना था।
क्या है फिल्म ‘धुरंधर’ की कहानी?
फिल्म ‘धुरंधर’ और इसके सीक्वल ‘धुरंधर: द रिवेंज’ में रणवीर सिंह एक अंडरकवर जासूस, हमजा अली मजारी उर्फ जसकीरत सिंह रंगी की भूमिका में नजर आते हैं।
कहानी में वह भारत को निशाना बनाने वाले आतंकी नेटवर्क को खत्म करने के मिशन पर पाकिस्तान के कराची में मौजूद आपराधिक गिरोहों और राजनीतिक सत्ता के ढांचे में घुसपैठ करता है।
इस जासूसी थ्रिलर में सारा अर्जुन, राकेश बेदी, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, दानिश पंडोर और मानव गोहिल भी अहम भूमिकाओं में हैं।

