Raebareli News: लालगंज में 27 अक्टूबर को होगा राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन, राजनीति में उचित हिस्सेदारी की उठी मांग

Raebareli News: उत्तर प्रदेश के रायबरेली जनपद के लालगंज में वैश्य समाज की राजनीतिक भागीदारी और आगामी विधानसभा चुनाव में मजबूत प्रतिनिधित्व को लेकर बड़ी तैयारी शुरू हो गई है। आगामी 27 अक्टूबर को लालगंज में ‘राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में महाराजगंज नगर पंचायत अध्यक्ष प्रभात साहू ने लालगंज नगर पंचायत के सभागार में एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए समाज के राजनीतिक अधिकारों और हिस्सेदारी पर जोर दिया।

वैश्य समाज की राजनीतिक उपेक्षा पर चिंता

प्रेस वार्ता के दौरान महाराजगंज नगर पंचायत अध्यक्ष प्रभात साहू ने कहा कि उत्तर प्रदेश की कुल आबादी और मतदाता वर्ग में वैश्य समाज की हिस्सेदारी लगभग 20 प्रतिशत है। इसके बावजूद, राजनीतिक क्षेत्र में समाज को उसकी जनसंख्या के अनुपात में अपेक्षित प्रतिनिधित्व और भागीदारी नहीं मिल पा रही है। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि अब समय आ गया है कि वैश्य समाज केवल वोट बैंक बनकर न रहे, बल्कि राजनीति में अपनी उचित और वास्तविक हिस्सेदारी सुनिश्चित करे।

रायबरेली जैसे महत्वपूर्ण राजनीतिक क्षेत्र का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यहां भी वैश्य समाज की राजनीतिक भागीदारी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया जाएगा ताकि समाज के अधिकारों की रक्षा हो सके। आगामी विधानसभा चुनावों की रणनीति पर बात करते हुए प्रभात साहू ने स्पष्ट किया कि जो भी राजनीतिक दल वैश्य समाज को विधायक पद का टिकट देकर उचित प्रतिनिधित्व का अवसर प्रदान करेगा, समाज उस दल के समर्थन पर प्राथमिकता के आधार पर विचार करेगा। उन्होंने दोहराया कि समाज की मंशा केवल चुनाव के दौरान मतदाता बने रहने की नहीं है, बल्कि नीति-निर्धारण और सत्ता में अपनी मजबूत दखल सुनिश्चित करने की है।

प्रेस वार्ता में अखिल भारतीय वैश्य एकता परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुमंत गुप्ता ने भी शिरकत की। उन्होंने वैश्य समाज की एकजुटता पर बल देते हुए कहा कि जब तक समाज राजनीतिक रूप से जागरूक और संगठित नहीं होगा, तब तक उसे उसका बनता हक नहीं मिल पाएगा। उन्होंने आगामी महासम्मेलन को सफल बनाने और समाज के हर वर्ग को जोड़ने का आह्वान किया।

प्रेस वार्ता के दौरान लालगंज नगर पंचायत अध्यक्ष सरिता गुप्ता, इंजीनियर विजय रस्तोगी, सभासद राघवेंद्र सूर्यवंशी, सतीश महाजन, अनिल गुप्ता, संतोष साहू, राजकुमार गुप्ता और इंजीनियर दीपेंद्र गुप्ता के अलावा कौशलेंद्र कंचन, गोलू गुप्ता, शीतला गुप्ता सहित बड़ी संख्या में वैश्य समाज के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Also Read: पीएम मोदी ने संसदीय क्षेत्र वाराणसी को दी अरविंद मिल्स गारमेंट फैक्ट्री की सौगात

Get real time updates directly on you device, subscribe now.