चक्रवात अर्नब का बड़ा खतरा, 140 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, 53 ट्रेनें रद्द, 9 राज्यों में अलर्ट
Cyclone Arnab Alert in India: बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान अर्नब तेजी से तटीय इलाकों की ओर बढ़ रहा है। मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, तूफान बेहद भीषण रूप ले चुका है और इसके प्रभाव से तेज हवाएं चलने के साथ कई राज्यों में भारी बारिश हो सकती है। तूफान के खतरे को देखते हुए 27 और 28 अक्टूबर को करीब 53 ट्रेनें रद्द की गई हैं। आंध्र प्रदेश और ओडिशा समेत नौ राज्यों में अलर्ट जारी है।
मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, तट से टकराते समय हवा की रफ्तार 115 से 125 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है, जो बढ़कर 140 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है। तूफान के 28 अक्टूबर की सुबह बापटला और विशाखापत्तनम के बीच तट से टकराने का अनुमान जताया गया है।
53 ट्रेनें रद्द, कई राज्यों में भारी बारिश का खतरा
चक्रवात के चलते विजयवाड़ा, राजमुंदरी, मछलीपट्टनम, नरसापुर, भीमावरम, काकीनाडा पोर्ट, गुंटूर और विशाखापत्तनम से चलने या गुजरने वाली रेल सेवाएं प्रभावित हुई हैं। यात्रियों की सहायता के लिए रेलवे ने 24 घंटे सक्रिय रहने वाले वॉर रूम बनाए हैं।
IMD के अनुसार, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश समेत नौ राज्यों में सतर्कता बरती जा रही है। 27 और 28 अक्टूबर को ओडिशा में कुछ जगह अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। छत्तीसगढ़ में 28 और 29 अक्टूबर, तेलंगाना में 28 अक्टूबर, बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 29 और 30 अक्टूबर को भारी बारिश की आशंका है। पूर्वी मध्य प्रदेश में भी 29 अक्टूबर को बहुत भारी बारिश हो सकती है।
ओडिशा में स्कूल बंद, आंध्र प्रदेश में NDRF की 15 टीमें तैनात
ओडिशा सरकार ने छह जिलों में शैक्षणिक संस्थान बंद करने और संवेदनशील इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का फैसला किया है। गंजाम, गजपति, रायगढ़ा, मलकानगिरि, कोरापुट और नबरंगपुर में राहतकर्मियों और मशीनरी को तैनात किया गया है। समुद्र में मछली पकड़ने और पहाड़ियों, झरनों, बांधों व पर्यटन स्थलों पर जाने पर भी रोक लगाई गई है। राज्य में हवा के झोंकों की रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।
आंध्र प्रदेश सरकार ने राहत कार्यों के लिए 20 जिलों को 27 करोड़ रुपये जारी किए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की 15 टीमें तैनात हैं। तटीय सड़कों पर आवाजाही रोकने की तैयारी है और पेयजल की जरूरत के लिए 2,613 आपातकालीन टैंकर तैयार रखे गए हैं।
केंद्र सरकार ने भी तैयारियों की समीक्षा की
चक्रवात के खतरे (Cyclone Arnab Alert in India) को देखते हुए केंद्र सरकार ने भी सतर्कता बढ़ाई है। कैबिनेट सचिव डॉ. टीवी सोमनाथन ने राष्ट्रीय संकट प्रबंधन समिति (NCMC) की बैठक में केंद्रीय एजेंसियों और प्रभावित होने की आशंका वाले राज्यों की तैयारियों की समीक्षा की। आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और पुडुचेरी के अधिकारियों ने लोगों की सुरक्षा के लिए उठाए जा रहे कदमों की जानकारी दी।
Also Read: ज्ञानेश कुमार को हटाते ही 30 सेकंड में रुक जाएगा आंदोलन, राहुल गांधी ने PM मोदी के सामने रखी शर्त

