उमर सरकार का कैबिनेट विस्तार, चार नए मंत्रियों ने ली शपथ

Sandesh Wahak Digital Desk: जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली सरकार में मंगलवार को पहला बड़ा मंत्रिमंडल विस्तार किया गया। श्रीनगर के चश्मा शाही स्थित लोक भवन ऑडिटोरियम में आयोजित एक भव्य समारोह में उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) के चार नए विधायकों को मंत्री पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस विस्तार के साथ ही मुख्यमंत्री समेत जम्मू-कश्मीर कैबिनेट में मंत्रियों की कुल संख्या 9 हो गई है, जो पुनर्गठन अधिनियम 2019 के तहत 90 सीटों वाली विधानसभा के लिए निर्धारित 10 प्रतिशत की अधिकतम सीमा है।

इन दिग्गज नेताओं को मिली कैबिनेट में जगह

शपथ लेने वाले नए मंत्रियों में खानयार से 7 बार के विधायक अली मोहम्मद सागर, हब्बा कदल की दो बार विधायक रहीं शमीमा फिरदौस, त्रेहगाम से विधायक मीर सैफुल्लाह और पहलगाम के विधायक अल्ताफ अहमद वानी (अल्ताफ कालू) शामिल हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, डॉ. फारूक अब्दुल्ला से परामर्श के बाद बेहतर प्रशासन और जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से इन अनुभवी नेताओं को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है।

पुराने मंत्रियों को भी रखा गया बरकरार

कैबिनेट में नए चेहरों के शामिल होने के साथ ही उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी, सकीना इटू, जावेद राणा और जावेद अहमद डार को मंत्री पद पर बरकरार रखा गया है। समारोह में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, एनसी अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला, प्रशासनिक अधिकारी और कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। अब जम्मू-कश्मीर सरकार में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के साथ सुरिंदर चौधरी, सकीना इटू, जावेद राणा, जावेद डार, अली मोहम्मद सागर, शमीमा फिरदौस, मीर सैफुल्लाह और अल्ताफ कालू समेत कुल 9 सदस्य हो गए हैं।

Also Read: लखनऊ ट्रिपल मर्डर: सआदतगंज SHO और चौकी प्रभारी सस्पेंड, परिजनों ने शव रखकर किया प्रदर्शन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.