लिकटेंस्टीन के प्रिंस एलोइस का राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत, पीएम मोदी और राष्ट्रपति मुर्मु ने की अगवानी

Sandesh Wahak Digital Desk: भारत के आधिकारिक दौरे पर आए लिकटेंस्टीन के हेरेडिटरी प्रिंस एलोइस का मंगलवार को राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में भव्य और औपचारिक स्वागत किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रिंस एलोइस की गर्मजोशी से अगवानी की। वडोदरा की यात्रा पूरी करने के बाद सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी पहुंचे प्रिंस एलोइस का हवाई अड्डे पर केंद्रीय राज्य मंत्री जयंत सिंह ने स्वागत किया था।

विदेश मंत्रालय (MEA) ने इस यात्रा को दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों के लिए एक नया अध्याय करार दिया है। प्रिंस का स्वागत करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री जयंत सिंह ने एक्स (ट्विटर) पर लिखा कि दावोस में हुई पिछली मुलाकात के बाद यह दौरा भारत और लिकटेंस्टीन के मैत्रीपूर्ण संबंधों को मजबूत करने और साझा हितों को आगे बढ़ाने में मदद करेगा।

व्यापार, निवेश और एआई समेत कई अहम क्षेत्रों पर होगी चर्चा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर भारत आए प्रिंस एलोइस के साथ उनकी पत्नी राजकुमारी सोफिया और उद्योगपतियों का एक उच्च-स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी शामिल है। मंगलवार को हैदराबाद हाउस में पीएम मोदी के साथ उनकी द्विपक्षीय बैठक प्रस्तावित है, जिसमें व्यापार, निवेश, विज्ञान-प्रौद्योगिकी, नवाचार और जन-आदान-प्रदान जैसे विषयों पर चर्चा होगी। वर्ष 2026 में प्रिंस एलोइस की यह दूसरी भारत यात्रा है, इससे पहले वे फरवरी में एआई इम्पैक्ट समिट में शामिल होने नई दिल्ली आए थे।

राष्ट्रपति भवन में सम्मान में आयोजित होगा राजकीय भोज

अपनी इस यात्रा के दौरान प्रिंस एलोइस राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके अलावा, वे विदेश मंत्री एस. जयशंकर, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और कौशल विकास राज्य मंत्री जयंत चौधरी से भी मुलाकात करेंगे। दिन के उत्तरार्ध में प्रिंस एलोइस राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भेंट करेंगे, जहाँ उनके सम्मान में राष्ट्रपति भवन में आधिकारिक भोज (स्टेट बैंक्वेट) का आयोजन किया जाएगा।

Also Read: देवरिया में प्रेग्नेंट गुड़िया की हत्या का खुलासा, 3 लाख में दी गई थी सुपारी, एनकाउंटर में शूटर ढेर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.