लखनऊ ट्रिपल मर्डर: सआदतगंज SHO और चौकी प्रभारी सस्पेंड, परिजनों ने शव रखकर किया प्रदर्शन

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सआदतगंज क्षेत्र स्थित ब्राह्मणी टोला (नौबस्ता) में पार्किंग विवाद में हुई गोलीबारी के बाद स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है। लोगों के बढ़ते आक्रोश के चलते दबाव में आई पुलिस ने सआदतगंज थाना प्रभारी और चौकी इंचार्ज को सस्पेंड कर दिया है। वहीं ट्रिपल मर्डर के बाद बुधवार को जब पिता, पुत्र और भतीजे के शव घर पहुँचे, तो परिजनों और स्थानीय निवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। परिजनों ने तीनों शवों को घटनास्थल के पास रखकर जमकर विरोध-प्रदर्शन किया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। इस दौरान पूरे इलाके में भारी तनाव का माहौल व्याप्त रहा।

1 करोड़ मुआवजा और सरकारी नौकरी की मांग

पीड़ित परिवार का आरोप है कि शुरुआती विवाद के समय ही यदि पुलिस मुस्तैद होती, तो इस भयावह हत्याकांड को रोका जा सकता था। परिजनों ने आक्रोश जताते हुए मुख्य आरोपी के घर पर बुलडोजर चलाने और उसका एनकाउंटर करने की मांग रखी। इसके साथ ही, उन्होंने मृतक शिवा की पुत्री के लिए सरकारी नौकरी तथा पीड़ित परिवार को 1 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग उठाई। परिजनों का कहना है कि पुलिसिया ढिलाई की वजह से उनका पूरा परिवार उजड़ गया है।

पुलिस आयुक्त तरुण गाबा का बड़ा प्रशासनिक एक्शन

मामले में पुलिस की घोर लापरवाही उजागर होने के बाद पुलिस आयुक्त तरुण गाबा ने कड़ा कदम उठाया है। उन्होंने सआदतगंज थाना प्रभारी संतोष कुमार आर्य और कश्मीरी मोहल्ला चौकी प्रभारी अजय कुमार चौरसिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित (सस्पेंड) कर दिया है। भारी पुलिस बल मौके पर तैनात है और आला अधिकारी स्थिति को नियंत्रण में लाने व परिजनों को समझाने के प्रयास में जुटे हैं।

रिपोर्ट- राजा शेख

Also Read: रामदेव ने ओवैसी को यूपी के लिए बताया जरूरी, बोले- वोटों का बिखराव योगी आदित्यनाथ को दिलाएगा सियासी मजबूती

Get real time updates directly on you device, subscribe now.