Anthropic IPO: शेयर बाजार में उतरने की तैयारी में AI कंपनी, दुनिया का सबसे बड़ा IPO लाने की चर्चा

Anthropic IPO News : अमेरिकी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी एंथ्रोपिक ने शेयर बाजार में लिस्टिंग की दिशा में कदम बढ़ा दिया है। कंपनी ने सोमवार को IPO से जुड़े दस्तावेज दाखिल किए। सैन फ्रांसिस्को स्थित यह कंपनी अगले महीने अमेरिकी शेयर बाजार में लिस्ट होने की तैयारी कर रही है। अगर योजना के मुताबिक यह इश्यू आता है, तो यह दुनिया के सबसे बड़े IPO में शामिल हो सकता है और इस साल जून में स्पेसएक्स के कथित 8,600 करोड़ डॉलर के रिकॉर्ड इश्यू को भी पीछे छोड़ सकता है।

Claude AI चैटबॉट बनाने वाली एंथ्रोपिक की संभावित लिस्टिंग से AI कंपनियों के बीच शेयर बाजार में पहले उतरने की होड़ भी तेज हो सकती है। इससे उसे अपनी प्रतिद्वंद्वी OpenAI के मुकाबले बढ़त मिलने की संभावना है। IPO के जरिए कंपनी अपने कारोबार के विस्तार के लिए बड़ी रकम जुटा सकती है।

तेजी से बढ़ रहा रेवेन्यू, लेकिन घाटा भी बढ़ा

एंथ्रोपिक ने IPO से कितनी रकम जुटाने की योजना बनाई है, कंपनी का अंतिम वैल्यूएशन कितना होगा और शेयर किस कीमत पर जारी किए जाएंगे, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। कंपनी के 335 पन्नों के दस्तावेजों के मुताबिक, उसका रेवेन्यू तेजी से बढ़ रहा है, लेकिन फिलहाल वह मुनाफा दर्ज नहीं कर पाई है।

दस्तावेजों में दिए गए आंकड़ों के अनुसार, 2026 की पहली छमाही में कंपनी को 807 करोड़ डॉलर का शुद्ध घाटा हुआ, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह घाटा 130 करोड़ डॉलर था। बढ़ते घाटे के बावजूद कंपनी AI कारोबार में विस्तार की तैयारी कर रही है। कंपनी के सामने कंप्यूटिंग क्षमता, क्लाउड सेवाओं और तकनीकी ढांचे पर भारी खर्च की जरूरत भी है।

वैल्यूएशन 2 लाख करोड़ डॉलर तक पहुंचने की चर्चा

एंथ्रोपिक आने वाले साल में क्लाउड, कंप्यूटिंग और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी जरूरतों पर 5,180 करोड़ डॉलर खर्च करने की योजना बना रही है। इससे साफ है कि कंपनी को अपने विस्तार और AI मॉडल विकसित करने के लिए बड़े निवेश की जरूरत होगी।

इस साल की शुरुआत में निजी निवेशकों ने एंथ्रोपिक का वैल्यूएशन करीब 9,650 करोड़ डॉलर आंका था। हालांकि, मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, IPO के समय कंपनी का मूल्यांकन बढ़कर 1.5 लाख करोड़ डॉलर से 2 लाख करोड़ डॉलर तक पहुंच सकता है। कंपनी के CEO डारियो अमोदेई ने हाल ही में सबसे उन्नत AI मॉडल विकसित करने की रफ्तार धीमी करने की वकालत भी की थी।

अब IPO की तैयारी के बीच निवेशकों की नजर कंपनी की वित्तीय स्थिति, भविष्य की कमाई और AI बाजार में उसकी संभावनाओं पर रहेगी।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.