प्रयागराज में TGT-PGT अभ्यर्थियों के धरने में पहुंचे सपा नेता और MLC मानसिंह यादव, कफन ओढ़कर प्रदर्शन
Prayagraj TGT PGT Protest: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में TGT-PGT भर्ती की पुरानी नियमावली लागू करने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों को समाजवादी पार्टी का साथ मिला है। गुरुवार को सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल (Shyamlal Pal) और नवनिर्वाचित MLC डॉ. मानसिंह यादव (Dr. Man Singh Yadav) शिक्षा निदेशालय के गेट पर धरना दे रहे प्रतियोगी छात्रों के बीच पहुंचे। इस दौरान अभ्यर्थियों ने कफन ओढ़कर नारेबाजी की और अपनी मांगें उठाईं।
छात्रों के साथ धरने पर बैठे सपा नेता
इलाहाबाद-झांसी क्षेत्र से नवनिर्वाचित स्नातक MLC डॉ. मानसिंह यादव ने कहा कि उन्होंने जीत का माला पहनने के बजाय छात्रों के संघर्ष में शामिल होना उचित समझा। उन्होंने भाजपा की डबल इंजन सरकार पर शिक्षा, शिक्षक, छात्र, नौजवान, बेरोजगार और किसानों के हितों के खिलाफ काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने अभ्यर्थियों को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष में साथ देने का भरोसा दिया और अपनी जीत में छात्रों व नौजवानों के योगदान के लिए आभार जताया।
सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि बेरोजगारों, किसानों और युवाओं समेत समाज का हर वर्ग परेशान है। उन्होंने कहा कि भाजपा ‘फूट डालो और राज करो’ की नीति अपनाती है।
पुरानी नियमावली की मांग पर जारी है आंदोलन
TGT-PGT अभ्यर्थी प्रयागराज स्थित शिक्षा निदेशालय के गेट पर कई दिनों से धरना दे रहे हैं। उनकी प्रमुख मांग भर्ती में पुरानी नियमावली लागू करने की है। प्रदर्शन कर रहे प्रतियोगी छात्रों के दो गुटों में बंटने पर श्यामलाल पाल ने कहा कि समस्या का समाधान करने के बजाय भाजपा खुद समस्या बन गई है।
इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष अनिल यादव, महानगर अध्यक्ष इफ्तेखार हुसैन, महासचिव रविंद्र यादव, प्रवक्ता दान बहादुर मधुर, आरएन यादव, तारिक सईद अज्जू, दिलीप सोनी, जगदीश यादव, सचिन श्रीवास्तव और पीयूष श्रीवास्तव समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
Also Read: गाजीपुर में 30 फीट गहरी खाई में गिरी स्कॉर्पियो, मां-बेटे की मौत, 3 की हालत गंभीर

