लखनऊ ट्रिपल मर्डर का खौफनाक वीडियो आया सामने, पहले बेटे फिर पिता और चाचा पर बरसाईं गोलियां

Lucknow Triple Murder Video: लखनऊ में RSS नेता शिवा तिवारी, उनके बेटे सुयश और भाई शिवेंद्र की हत्या का खौफनाक वीडियो सामने आया है। 2 मिनट 56 सेकेंड के इस वीडियो में आरोपी ऋषभ शुक्ला की पूरी वारदात कैद हुई है। वह पहले शिवा तिवारी के बेटे सुयश को गोली मारता है। बेटे को बचाने पहुंचे पिता के सिर में गोली दाग देता है। इसके बाद भी वह नहीं रुकता और दोबारा मैगजीन भरकर फायरिंग करता है।

वीडियो में परिवार की महिलाओं की चीख-पुकार भी सुनाई देती है। शिवा तिवारी की बेटी और शिवेंद्र की बेटी सुमेधा आरोपी के सामने हाथ जोड़कर रहम की गुहार लगाती हैं, लेकिन वह लगातार गोलियां चलाता रहता है। आसपास के लोग घायलों को उठाने के लिए आगे बढ़ते हैं तो आरोपी उन्हें भी पिस्टल दिखाकर धमकाता है।

पहले सुयश से भिड़ा, फिर पिता को मारी गोली

दरअसल, पूरा विवाद पड़ोसी ऋषभ शुक्ला और शिवा तिवारी के परिवार के बीच पेड़ का चबूतरा बनाने और वहां कार खड़ी करने को लेकर हुआ था। शुरुआत में ऋषभ और सुयश के बीच कहासुनी और मारपीट हुई। इसके बाद ऋषभ ने पिस्टल निकालकर फायरिंग शुरू कर दी।

वायरल वीडियो (Lucknow Triple Murder Video) में दिखता है कि ऋषभ पहले कार के पास सुयश को गिराता है और उसके पेट में गोली मारता है। बेटे को बचाने दौड़े शिवा तिवारी के सिर में गोली मार देता है। उनके जमीन पर गिरने के बाद भी वह दोबारा फायर करता है।

मैगजीन खाली हुई तो दोबारा भरी पिस्टल

इसके बाद शिवा तिवारी के भाई शिवेंद्र मौके पर पहुंचते हैं। ऋषभ उन्हें भी गोली मार देता है। शिवेंद्र की बेटी सुमेधा हाथ जोड़कर उन्हें छोड़ने की गुहार लगाती है, लेकिन आरोपी दूसरी गोली भी चला देता है। वीडियो में दिखता है कि पिस्टल की एक मैगजीन खाली होने पर ऋषभ दूसरी मैगजीन लोड करता है और फिर फायरिंग जारी रखता है।

देखें वीडियो…

आरोपी की गिरफ्तारी का वीडियो भी वायरल

वारदात का एक दूसरा वीडियो (Lucknow Triple Murder Video) भी सामने आया है, जो 2 मिनट 35 सेकेंड का है। इसमें सूचना मिलने के बाद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचते हैं और ऋषभ को पकड़ लेते हैं। उसके पकड़े जाने के बाद मोहल्ले के लोग घटनास्थल पर जुटते हैं। पुलिस आरोपी के साथ उसकी बहनों, पिता और चाचा को भी थाने ले जाती है।

Also Read: लखनऊ ट्रिपल मर्डर केस: ब्रजेश पाठक ने पीड़ित परिवार को नौकरी और सुरक्षा का किया ऐलान, आरोपी के अवैध निर्माण पर चलेगा बुलडोजर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.