हरदीप सिंह पुरी ने भरा राज्यसभा उपचुनाव का पर्चा, जीत लगभग तय

Sandesh Wahak Digital Desk: मध्यप्रदेश से राज्यसभा उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार व केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शनिवार को भोपाल स्थित विधानसभा परिसर के निर्वाचन कार्यालय में अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया। डॉ. एल. मुरुगन द्वारा केंद्रीय मंत्री पद और राज्यसभा सदस्यता से त्यागपत्र दिए जाने के कारण यह सीट रिक्त हुई थी, जिस पर पार्टी ने हरदीप पुरी पर भरोसा जताया है।

निर्विरोध निर्वाचन की संभावना और संख्या बल का समीकरण

विधानसभा में संख्या बल के लिहाज से और कांग्रेस द्वारा प्रत्याशी न उतारे जाने के कारण हरदीप सिंह पुरी का निर्विरोध चुना जाना लगभग तय माना जा रहा है। वर्तमान में राज्य की 11 राज्यसभा सीटों में से 8 पर भाजपा और 2 पर कांग्रेस का कब्जा है। इस उपचुनाव में जीत दर्ज करने के बाद उच्च सदन में भाजपा के सदस्यों की संख्या बढ़कर 9 हो जाएगी।

गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेकने के बाद पहुंचे वरिष्ठ नेता

नामांकन दाखिल करने से पूर्व केंद्रीय मंत्री ने अरेरा कॉलोनी स्थित गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर मत्था टेका और देश व प्रदेश की सुख-समृद्धि की अरदास की। इसके पश्चात विधानसभा भवन में नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खंडेलवाल, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, राजेंद्र शुक्ला, विष्णुदत्त शर्मा, कैलाश विजयवर्गीय और प्रहलाद पटेल समेत पार्टी के कई प्रमुख जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कांग्रेस का पलटवार और पटवारी का बयान

दूसरी तरफ, हरदीप सिंह पुरी की उम्मीदवारी को लेकर मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि पुरी का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर के चर्चित प्रकरणों से जुड़े दस्तावेजों में सामने आया है, इसलिए भाजपा को देश की जनता के समक्ष इस विषय पर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

Also Read: ‘हम इंसानी बम की तरह हैं, कहीं भी फट जाते हैं’, तिहाड़ से बाहर आते ही सौरभ दास ने दिया बयान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.