KGMU धर्मांतरण मामले में STF की रिपोर्ट से मचा हड़कंप, 13 डॉक्टरों पर कार्रवाई की तैयारी

KGMU Conversion Case: लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी में धर्मांतरण मामले को लेकर STF की जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद हलचल तेज हो गई है। सात पेज की रिपोर्ट में करीब 13 डॉक्टरों के नाम शामिल बताए गए हैं। इनमें कुछ मौजूदा विभागाध्यक्ष हैं, जबकि कुछ डॉक्टर दूसरे बड़े संस्थानों में अहम पदों पर तैनात हैं। इनमें एक डॉक्टर कुलपति के पद पर भी हैं।

एसटीएफ की रिपोर्ट के आधार पर केजीएमयू प्रशासन इन डॉक्टरों के खिलाफ अनुशासनात्मक जांच शुरू करने की तैयारी में है। इसके लिए अगले सप्ताह आपातकालीन कार्यपरिषद की बैठक बुलाई जाएगी। इसमें आरोपों की जांच के लिए अनुशासनात्मक कमेटी गठित करने पर फैसला हो सकता है।

विभागाध्यक्षों की कुर्सी पर भी उठे सवाल

कार्यपरिषद की बैठक में यह भी विचार किया जाएगा कि जांच पूरी होने तक आरोपों के घेरे में आए डॉक्टर विभागाध्यक्ष बने रहेंगे या नहीं। उनकी दूसरी प्रशासनिक जिम्मेदारियों को लेकर भी फैसला हो सकता है। ऐसे में केजीएमयू में आने वाले दिनों में कुछ अहम पदों पर बदलाव की संभावना है।

20 साल पुराना बताया जा रहा नेटवर्क

STF की रिपोर्ट के मुताबिक, संस्थान में कथित धर्मांतरण गतिविधियों की शुरुआत वर्ष 2004 से 2006 के बीच हुई थी। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि 2006 से 2012 के बीच धर्मांतरण की घटनाएं सबसे ज्यादा हुईं।

रिपोर्ट में KGMU के पूर्व रेजिडेंट डॉ. रमीज मलिक का भी जिक्र है, जो धर्मांतरण के आरोप में जेल में बंद है। एसटीएफ के अनुसार, वह वर्ष 2012 से 2016 के बीच आगरा के सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज (SNMC) में पढ़ाई कर रहा था। इसी दौरान उसने ‘इस्लामिक मेडिकोज’ नाम से एक ग्रुप बनाया था। इसमें आगरा, लखनऊ और पूर्वांचल के सरकारी व निजी मेडिकल संस्थानों के डॉक्टरों को जोड़ा गया। रिपोर्ट में इस समूह की ओर से एक इस्लामिक किताब और मैगजीन प्रकाशित करने का भी उल्लेख है।

इलाज और ड्यूटी में पक्षपात के आरोप

एसटीएफ ने अपनी रिपोर्ट में कुछ डॉक्टरों के कामकाज पर भी सवाल उठाए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपित डॉक्टर इलाज, विभागीय जिम्मेदारियां सौंपने और ड्यूटी लगाने में कथित तौर पर अपने धर्म के लोगों को प्राथमिकता देते थे। रिपोर्ट सामने आने के बाद KGMU में इस मामले को लेकर चर्चाएं और बैठकों का दौर जारी है।

Also Read: लखनऊ में दोस्त ने युवक को चाकू से गोदा, लोगों के सामने कई वार किए, अस्पताल में तोड़ा दम

Get real time updates directly on you device, subscribe now.