कूड़ा डालने को लेकर विवाद, सिंगाही में सफाई कर्मचारी से मारपीट, थाने पहुंचे सैकड़ों कर्मी

Lakhimpur Kheri News: लखीमपुर खीरी के सिंगाही-भेड़ौरा नगर पंचायत क्षेत्र में कूड़ा डालने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि इस दौरान नगर पंचायत के सफाई कर्मचारी रामपाल के साथ मारपीट की गई। घटना की जानकारी मिलते ही नगर पंचायत के सैकड़ों महिला और पुरुष सफाई कर्मचारी सिंगाही थाने पहुंच गए। उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

जानकारी के मुताबिक, सोमवार को सफाई कर्मचारी रामपाल अपने साथियों के साथ कस्बे से कूड़ा इकट्ठा कर कोइली बाग स्थित भेड़ौरा में उसे खाली करने पहुंचे थे। रामपाल कूड़ा उतार रहे थे, तभी बाग की रखवाली करने वाले सलीम वहां पहुंच गए। सलीम सिंगाही के वार्ड नंबर एक के निवासी बताए गए हैं।

तालाब के पास कूड़ा डालने को लेकर भिड़े दोनों पक्ष

बताया जाता है कि सलीम ने तालाब के पास कूड़ा डालने से मना किया। इसी बात पर रामपाल और उनके बीच कहासुनी शुरू हो गई। कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने लगी।

सफाई कर्मचारी के साथ मारपीट की खबर फैलते ही नगर पंचायत के सैकड़ों कर्मचारी लामबंद हो गए। महिला और पुरुष सफाई कर्मचारी सिंगाही थाना परिसर पहुंचे। उन्होंने पुलिस को शिकायत देकर मामले में उचित कार्रवाई की मांग की। घटना के बाद कर्मचारियों में नाराजगी है।

पुलिस ने दोनों पक्षों पर की कार्रवाई

क्षेत्राधिकारी निघासन शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों के खिलाफ शांति भंग के तहत कानूनी कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि घटना की जांच जारी है।

Also Read; Lucknow News: मलिहाबाद में बीजेपी के नवनियुक्त पदाधिकारियों का सम्मान, ब्लॉक प्रमुख निर्मल वर्मा ने किया स्वागत 

 

रिपोर्ट विनय कुमार मिश्रा 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.