इमरान खान ने बॉम्बे हाई कोर्ट में मांगी माफी, आगे से किसी प्रदर्शन में नहीं होंगे शामिल

Imran Khan Bombay High Court: बॉलीवुड अभिनेता इमरान खान ने 2 नवंबर 2026 को बॉम्बे हाई कोर्ट में बिना शर्त माफी मांग ली। उन्होंने कोर्ट में हलफनामा पेश कर भरोसा दिया कि भविष्य में भारत में किसी भी राजनीतिक प्रदर्शन में हिस्सा नहीं लेंगे। कोर्ट ने उनका माफीनामा और हलफनामा स्वीकार करते हुए उन्हें अंतरिम राहत दी है। अब इस मामले की अगली सुनवाई 7 दिसंबर 2026 को होगी।

अदालत ने फिलहाल उनके खिलाफ जारी ‘लीव इंडिया नोटिस’ पर रोक जारी रखने का निर्देश दिया है। इसका मतलब है कि अगली सुनवाई तक इमरान खान भारत में रह सकेंगे।

OCI कार्डधारक होने के नाते नहीं मिले नागरिकों जैसे अधिकार

चीफ जस्टिस महेश चंद्र त्रिपाठी और जस्टिस अद्वैत सेठना की पीठ ने सुनवाई के दौरान इमरान खान को फटकार लगाई। कोर्ट ने कहा कि OCI (ओवरसीज सिटिजन ऑफ इंडिया) कार्डधारक होने के नाते उन्हें भारत के नागरिकों के समान अधिकार नहीं मिलते। वह भारत में रहकर सरकार या व्यवस्था के खिलाफ किसी राजनीतिक प्रदर्शन में हिस्सा नहीं ले सकते।

कोर्ट ने उदाहरण देते हुए कहा, “सोचिए अगर कोई भारतीय नागरिक अमेरिका जाकर वहां किसी विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लेता, तो उसे अगली ही फ्लाइट से तुरंत डिपोर्ट कर दिया जाता।”

कोर्ट ने पूछा- अब तक भारतीय नागरिकता क्यों नहीं ली?

सुनवाई के दौरान जजों ने इमरान खान से यह भी पूछा कि जब वह बचपन से भारत में रह रहे हैं, यहीं पढ़ाई की और बॉलीवुड में पहचान बनाई, तो उन्होंने अब तक भारतीय नागरिकता क्यों नहीं ली?

शुरुआत में इमरान खान ने केवल लिखित भरोसा देने की कोशिश की थी कि वह भविष्य में किसी प्रदर्शन में शामिल नहीं होंगे। हालांकि, कोर्ट ने स्पष्ट कर दिया कि बिना शर्त माफी के उनकी याचिका पर विचार नहीं किया जाएगा। इसके बाद उनके वकील ने अदालत में बिना शर्त माफीनामा पेश किया।

‘वसुधैव कुटुंबकम’ का हवाला, 7 दिसंबर को अगली सुनवाई

कोर्ट ने ‘वसुधैव कुटुंबकम’ के सिद्धांत का हवाला देते हुए निर्देश दिया कि इमरान खान को अपना पक्ष रखने का मौका दिया जाए। तब तक उनके खिलाफ जारी ‘लीव इंडिया नोटिस’ पर रोक जारी रहेगी। मामले की अगली सुनवाई 7 दिसंबर को होगी।

दरअसल, मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में चुनाव आयुक्त के खिलाफ राजनीतिक प्रदर्शन चल रहा था। इमरान खान भी इस प्रदर्शन में पहुंचे थे। इस दौरान मुंबई पुलिस ने उन्हें कुछ समय के लिए हिरासत में लिया था।

इमरान खान का जन्म भारत में हुआ है, लेकिन उनके पास अमेरिका की नागरिकता है। वह भारत में ओवरसीज सिटिजन ऑफ इंडिया (OCI) कार्ड के आधार पर रहते हैं।

 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.