अमेरिका में मिडटर्म इलेक्शन की वोटिंग जारी, ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी तीनों सर्वे में पिछड़ी
US Midterm Elections 2026: अमेरिका में मंगलवार को मिडटर्म चुनाव के लिए वोटिंग हो रही है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) के दूसरे कार्यकाल के बीच हो रहे इस चुनाव में कांग्रेस के दोनों सदनों का नियंत्रण दांव पर है। प्रतिनिधि सभा की सभी 435 और सीनेट की 100 में से 35 सीटों पर मतदान हो रहा है। इसके अलावा 36 राज्यों में गवर्नर भी चुने जाएंगे।
चुनाव से पहले 5.7 करोड़ से ज्यादा अमेरिकी वोट डाल चुके हैं। यह 2022 के मिडटर्म चुनाव में शुरुआती मतदान के 4.6 करोड़ के आंकड़े से काफी ज्यादा है।
मिडटर्म चुनाव (US Midterm Elections) राष्ट्रपति के चार साल के कार्यकाल के बीच होते हैं। इन्हें ट्रंप की नीतियों और कामकाज पर जनता की राय के तौर पर भी देखा जा रहा है। फिलहाल रिपब्लिकन पार्टी के पास हाउस और सीनेट, दोनों में बहुमत है। डेमोक्रेट्स की कोशिश कम से कम एक सदन में बहुमत हासिल करने की है।
तीन सर्वे में डेमोक्रेट्स आगे
चुनाव से पहले आए तीन सर्वे में डेमोक्रेटिक पार्टी को बढ़त दिखाई गई है। जॉन ज़ोग्बी स्ट्रैटेजीज के 1-2 नवंबर के सर्वे में डेमोक्रेट्स को 53% और रिपब्लिकन्स को 47% समर्थन मिला। YouGov के 30 अक्टूबर के सर्वे में यह आंकड़ा क्रमशः 53% और 44% रहा।
PolityIQ के नेशनल पोलिंग औसत में डेमोक्रेट्स को 52.7% और रिपब्लिकन्स को 43.2% समर्थन मिला है। इन सर्वे में डेमोक्रेट्स की बढ़त 6 से 9.5 प्रतिशत अंकों के बीच है। हालांकि, ये राष्ट्रीय आंकड़े हैं, इनसे किसी खास सीट का नतीजा तय नहीं होता।
सीनेट में रिपब्लिकन्स के पास 53 और डेमोक्रेट्स के साथ मतदान करने वाले निर्दलीय सांसदों के पास 47 सीटें हैं। डेमोक्रेट्स को सीनेट में बहुमत के लिए चार सीटों का शुद्ध फायदा चाहिए। हाउस में भी मुकाबला करीबी है और वहां बहुमत बदलने के लिए कुछ सीटों का अंतर निर्णायक हो सकता है।
महंगाई और ईरान युद्ध बने बड़े मुद्दे
टेक्सास, मिशिगन, अलास्का, ओहायो और कंसास की सीनेट सीटों पर खास नजर है। टेक्सास में रिपब्लिकन केन पैक्सटन और डेमोक्रेट जेम्स तालारिको के बीच मुकाबला चर्चा में है।
महंगाई, ईंधन की कीमतें, ईरान के साथ युद्ध, टैरिफ और इमिग्रेशन ट्रंप प्रशासन के सामने बड़े चुनावी मुद्दे हैं। ईरान के साथ संघर्ष और होर्मुज स्ट्रेट में संकट के बाद पेट्रोल की कीमतों में बढ़ोतरी भी मतदाताओं की चिंता का विषय बनी हुई है। ट्रंप ने 2024 के राष्ट्रपति चुनाव में महंगाई कम करने और अर्थव्यवस्था मजबूत करने का वादा किया था।
US Midterm Elections 2026 के नतीजे आने के बाद साफ होगा कि रिपब्लिकन पार्टी कांग्रेस में अपना बहुमत बचा पाती है या डेमोक्रेट्स को ट्रंप प्रशासन के फैसलों को चुनौती देने का मौका मिलता है।
Also Read: कोई डोसा बना रहा… तो कोई मंदिर में लगा रहा हाजिरी, भारतीय वोटरों को लुभाने में जुटे अमेरिकी नेता

