प्रतापगढ़: प्रेम प्रसंग में रोड़ा बना दोस्त, तो शराब पिलाकर घोंटा गला, 5 दिन बाद खुलासा, 2 गिरफ्तार
Pratapgarh Crime News: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में दोस्ती के रिश्ते को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र में पांच दिन से लापता 24 वर्षीय बिजेन्द्र सिंह की हत्या उसके ही दो दोस्तों ने कर दी।
आरोप है कि प्रेम प्रसंग में विरोध की रंजिश के चलते दोनों ने उसे शराब पिलाने के बहाने खेत में बुलाया और रस्सी से गला कसकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को मिट्टी भरी बोरी के साथ पानी से भरे गड्ढे में छिपा दिया। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
प्रतापपुर चेरगढ़ निवासी बिजेन्द्र 27 अक्टूबर को खेत देखने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। अगले दिन परिजनों ने संग्रामगढ़ थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई। तलाश के दौरान उसका मोबाइल गांव से पिपरी जाने वाले रास्ते पर नाले के पास झाड़ियों में मिला। परिजनों ने अपहरण की आशंका जताई थी।
2 नवंबर को बिजेन्द्र का शव गांव के पास पानी भरे गड्ढे में मिला। इसके बाद पुलिस ने मुकदमे में हत्या समेत अन्य धाराएं बढ़ाकर जांच तेज कर दी।
प्रेम प्रसंग में विरोध बना हत्या की वजह
पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी नीरज सिंह गांव की एक लड़की से प्रेम करता था। बिजेन्द्र ने उसे लड़की के साथ देख लिया था और इसकी जानकारी लड़की के परिजनों को दे दी थी। इसी बात से नाराज होकर नीरज ने उसकी हत्या की योजना बनाई। आरोप है कि उसने अपने साथी साहिल सरोज को रुपये देने का लालच देकर साजिश में शामिल कर लिया।
पुलिस के अनुसार, 27 अक्टूबर को दोनों ने फोन करके बिजेन्द्र को खेत में बुलाया। वहां शराब पीने के दौरान उसे ज्यादा शराब पिलाई गई। नशे की हालत में दोनों ने रस्सी से उसका गला कस दिया। हत्या के बाद शव को पानी भरे गड्ढे में छिपा दिया।
पर्स, आधार और ATM कार्ड बरामद
सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंची। उनकी निशानदेही पर घटनास्थल और शव छिपाने की जगह की पहचान की गई। साहिल के कब्जे से मृतक का पर्स, आधार कार्ड और एटीएम कार्ड बरामद हुआ है। वारदात में इस्तेमाल रस्सी का एक टुकड़ा भी पुलिस ने बरामद किया।
पुलिस ने नीरज सिंह निवासी चेरगढ़ और साहिल सरोज निवासी महासीनपुर को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनन्दन राय और क्षेत्राधिकारी लालगंज राजीव द्विवेदी के पर्यवेक्षण में की गई। इसमें थाना प्रभारी सिद्धार्थ सिंह, स्पेशल टीम और सर्विलांस सेल शामिल रहे।
Also Read: लखनऊ में छेड़छाड़ से परेशान 13 साल की किशोरी ने दी जान, पुलिस पर लापरवाही के आरोप

