गाजियाबाद की बेटी सबा हैदर ने अमेरिका में स्टेट रिप्रेजेंटेटिव का चुनाव जीतकर बढ़ाया देश का मान
Ghaziabad News: गाजियाबाद के संजय नगर की रहने वाली सबा हैदर ने अमेरिका में एक ऐतिहासिक जीत दर्ज कर देश और अपने गृह जनपद का नाम रोशन किया है। उन्होंने अमेरिका के इलिनोइस राज्य के 84वें डिस्ट्रिक्ट से स्टेट रिप्रेजेंटेटिव का चुनाव भारी बहुमत से जीत लिया है। सबा को इस चुनाव में लगभग 72 फीसदी वोट मिले, जिससे उन्होंने अपने रिपब्लिकन प्रतिद्वंद्वी ब्रायन स्कूबो को करारी शिकस्त दी। इस शानदार जीत के साथ ही वह इलिनॉय जनरल असेंबली में पहुंचने वाली पहली दक्षिण एशियाई अप्रवासी महिला बन गई हैं।
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी और गाजियाबाद से रहा है गहरा नाता
करीब 20 साल से अमेरिका में रह रहीं सबा हैदर की शुरुआती और उच्च शिक्षा उत्तर प्रदेश में ही हुई है। उन्होंने गाजियाबाद के होली चाइल्ड स्कूल से इंटरमीडिएट करने के बाद यहीं से ग्रेजुएशन में गोल्ड मेडल हासिल किया। इसके बाद उन्होंने अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) से वाइल्ड लाइफ सेंसस में एमएससी की डिग्री गोल्ड मेडल के साथ पूरी की। वर्तमान में उनके पति वर्ल्ड बैंक में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं और उनके दो बच्चे (एक बेटा और एक बेटी) हैं।
राजनीतिक और पारिवारिक पृष्ठभूमि
सबा हैदर का परिवार मूल रूप से गाजियाबाद का रहने वाला है। उनके पिता उत्तर प्रदेश जल निगम से रिटायर्ड इंजीनियर हैं और उनकी मां एक निजी स्कूल का संचालन करती हैं। उनके छोटे भाई अब्बास हैदर समाजवादी पार्टी के नेता हैं, जबकि दूसरे भाई जीशान हैदर दुबई में एक उद्योगपति हैं। सबा की इस ऐतिहासिक जीत के बाद से गाजियाबाद स्थित उनके पैतृक आवास पर जश्न का माहौल है और बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
डिस्ट्रिक्ट 84 की कुल आबादी करीब 1.10 लाख है, जिसमें नेपरविले, ऑरोरा, ओस्वेगो, मोटगोमरी, बोल्डर हिल और प्लेनफील्ड के इलाके शामिल हैं। अमेरिका में 3 नवंबर 2026 को संपन्न हुए मध्यावधि चुनावों में डेमोक्रेटिक पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हाउस और सीनेट दोनों सदनों में अपना दबदबा कायम किया है। इस बहुमत के मिलने से अब डेमोक्रेटिक पार्टी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी के फैसलों को संसद में मजबूती से चुनौती दे सकेगी।
Also Read: UP इलेक्शन से पहले चुनाव आयोग ने घटाए 3,786 बूथ, 1.73 लाख पोलिंग स्टेशनों को मंजूरी

