यूपी की नौकरशाही में एक और इस्तीफा, डिप्टी कमिश्नर अनुपमा राग ने छोड़ी सरकारी नौकरी
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की प्रशासनिक गलियारों में एक बार फिर इस्तीफे की चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है। आईएएस दिव्या मित्तल के नक्शेकदम पर चलते हुए अब पीसीएस अधिकारी अनुपमा राग ने भी अपनी सरकारी नौकरी से इस्तीफा दे दिया है। वह वर्तमान में यूपी सरकार में डिप्टी कमिश्नर (जीएसटी) के पद पर अपनी सेवाएं दे रही थीं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए उन्होंने अपने त्यागपत्र की आधिकारिक घोषणा की।
संगीत से राजनीति का सफर और राजनीतिक पृष्ठभूमि
अनुपमा राग केवल एक प्रशासनिक अधिकारी ही नहीं, बल्कि एक जानी-मानी सिंगर भी हैं। उनकी पारिवारिक पृष्ठभूमि भी राजनीति से जुड़ी रही है; उनकी मां सुशीला सरोज लखनऊ की मोहनलालगंज सीट से सांसद रह चुकी हैं, जबकि उनके पति अनुराग भदौरिया समाजवादी पार्टी के प्रमुख प्रवक्ता हैं। चर्चाएं हैं कि वह आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों में चुनावी मैदान में उतर सकती हैं, विशेष रूप से सीतापुर जिले की सिधौली सीट से उनके चुनाव लड़ने की राजनीतिक हलचल तेज है। हालांकि, उन्होंने खुद अभी चुनाव लड़ने की औपचारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन उनके इस कदम को आगामी चुनावों से जोड़कर देखा जा रहा है।
पहले आईएएस दिव्या मित्तल ने भी छोड़ी थी सेवा
गौरतलब है कि हाल ही में प्रशासनिक सेवा छोड़ने का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे दो महीने पहले 2013 बैच की चर्चित आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। मिर्जापुर की डीएम रह चुकीं दिव्या मित्तल ने अपनी 13 साल लंबी प्रशासनिक यात्रा को विराम देने की घोषणा सोशल मीडिया पर की थी। अपने कार्यकाल के दौरान मिर्जापुर के लहुरियादह गांव में पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा पहुंचाने के उनके कार्यों की काफी सराहना हुई थी।
राजनीति में उतरीं दिव्या मित्तल
इस्तीफे के कुछ ही समय बाद दिव्या मित्तल ने राजनीति में सक्रिय रूप से उतरने का ऐलान कर दिया। उन्होंने जननीति भारत पार्टी नामक एक नए राजनीतिक दल के गठन की घोषणा की और स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी वर्ष 2027 का यूपी विधानसभा चुनाव पूरी ताकत के साथ लड़ेगी। हालांकि उन्होंने खुद के चुनाव लड़ने पर स्थिति स्पष्ट नहीं की है, लेकिन राजनीतिक जानकारों का मानना है कि वह मिर्जापुर से चुनावी समर में ताल ठोक सकती हैं।
Also Read: Bareilly News: शातिर तस्कर अफीम के साथ चढ़ा पुलिस के हत्थे

