राजा की ठंडाई से अकबरी गेट तक, Lucknow के Food Heritage Walk में दिखेगा नवाबी रंग
Lucknow Food Heritage Walk: नवाबी शहर लखनऊ अपनी समृद्ध खानपान परंपरा और अनूठे स्वाद के लिए दुनिया भर में पहचान रखता है। यूनेस्को से ‘क्रिएटिव सिटी ऑफ गैस्ट्रोनॉमी’ (Creative City of Gastronomy) का दर्जा मिलने के बाद शहर की यह पहचान और मजबूत हुई है।
इसी विरासत को लोगों तक पहुंचाने के लिए उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग 18 जून को ‘वर्ल्ड सस्टेनेबल गैस्ट्रोनॉमी डे’ के अवसर पर विशेष लखनऊ फूड हेरिटेज वॉक (Lucknow Food Heritage Walk) का आयोजन करने जा रहा है।
यह वॉक गुरुवार शाम 8 बजे चौक क्षेत्र से शुरू होगी। इसका उद्देश्य पर्यटकों, विद्यार्थियों, खानपान प्रेमियों और विरासत में रुचि रखने वाले लोगों को लखनऊ की पाक परंपरा और सस्टेनेबल गैस्ट्रोनॉमी से परिचित कराना है।
चौक की गलियों में मिलेगा स्वाद और विरासत का अनुभव
Lucknow Food Heritage Walk की शुरुआत मशहूर राजा की ठंडाई से होगी। इसके बाद प्रतिभागी चौक की ऐतिहासिक गलियों से गुजरते हुए गोल दरवाजा, सेवक राम मिष्ठान भंडार, अकबरी गेट समेत कई प्रमुख स्थलों का भ्रमण करेंगे। यात्रा का समापन फिर से गोल दरवाजा पर होगा।
इस दौरान प्रतिभागियों को लखनऊ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक अवधी व्यंजनों और शहर के ऐतिहासिक खानपान से जुड़ी कहानियों से भी रूबरू कराया जाएगा। पूरी यात्रा के दौरान अनुभवी टूर गाइड मार्गदर्शन करेंगे।
300 रुपये शुल्क, ऐसे करा सकते हैं रजिस्ट्रेशन
पर्यटन विभाग ने इस हेरिटेज वॉक के लिए प्रति व्यक्ति 300 रुपये शुल्क निर्धारित किया है। इच्छुक लोग यूपीएसटीडीसी (UPSTDC) के मोबाइल नंबर 91490 99890 पर संपर्क कर अपना पंजीकरण करा सकते हैं।
अपर मुख्य सचिव पर्यटन अमृत अभिजात ने कहा कि किसी भी पर्यटन स्थल की असली पहचान वहां की संस्कृति और खानपान से होती है। प्रदेश सरकार का प्रयास जिम्मेदार और सस्टेनेबल पर्यटन को बढ़ावा देना है, ताकि पर्यटक स्थानीय परंपराओं और विरासत को करीब से समझ सकें।
वहीं पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि लखनऊ को यूनेस्को से मिली ‘क्रिएटिव सिटी ऑफ गैस्ट्रोनॉमी’ की पहचान यहां की समृद्ध पाक परंपरा का प्रमाण है। फूड हेरिटेज वॉक (Food Heritage Walk) जैसी पहलें स्थानीय व्यंजनों को बढ़ावा देने, पारंपरिक खाद्य समुदायों को प्रोत्साहित करने और उत्तर प्रदेश की पर्यटन पहचान को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाएंगी।
Also Read: लखनऊ के इन चौराहों की बदलेगी सूरत, ग्लोबल नगरोदय योजना के तहत होगा कायाकल्प

