CJP Protest में महिला को थप्पड़ जड़ने वाले ADCP संदीप लांबा पर ऐक्शन, जंतर-मंतर से हटाए गए
CJP Protest: दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के विरोध प्रदर्शन के दौरान एक महिला प्रदर्शनकारी को थप्पड़ मारने के आरोप में एडिशनल डीसीपी (ADCP) संदीप लांबा के खिलाफ कार्रवाई की गई है। सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल होने और विवाद बढ़ने के बाद उन्हें प्रदर्शन स्थल से हटाकर वापस उनके मूल जिले में भेज दिया गया है। इस बीच मामला दिल्ली हाईकोर्ट भी पहुंच गया, जहां पुलिस की कार्रवाई और कथित बल प्रयोग पर गंभीर सवाल उठाए गए।
सोमवार को जंतर-मंतर पर CJP के नेतृत्व में निकाले गए ‘संसद मार्च’ के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव बढ़ गया था। इसी दौरान सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया, जिसमें DANIPS अधिकारी संदीप लांबा कथित तौर पर एक महिला प्रदर्शनकारी को थप्पड़ मारते नजर आए। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की कार्रवाई की व्यापक आलोचना हुई।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, विवाद बढ़ने के बाद संदीप लांबा को जंतर-मंतर ड्यूटी से हटाकर उनके मूल जिले में वापस भेज दिया गया है।
दिल्ली हाईकोर्ट में भी उठा मामला
बुधवार को दिल्ली हाईकोर्ट में इस घटना का मुद्दा उठा। वरिष्ठ अधिवक्ता गोपाल शंकरनारायणन ने अदालत में कहा कि वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि एक महिला, जो शांतिपूर्वक किनारे खड़ी थी, उसे बिना किसी उकसावे के थप्पड़ मारा गया।
उन्होंने अदालत से कहा कि पुलिस अधिकारियों की जवाबदेही तय होनी चाहिए और इस तरह की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई आवश्यक है।
मुख्य न्यायाधीश डी.के. उपाध्याय और न्यायमूर्ति तेजस करिया की पीठ ने केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस से जवाब मांगा है। अदालत ने पुलिस को निर्देश दिया कि घटना से जुड़े सभी सीसीटीवी फुटेज और वीडियोग्राफी सुरक्षित रखी जाए। मामले में चार सप्ताह के भीतर जवाबी हलफनामा दाखिल करने को कहा गया है, जबकि अगली सुनवाई 11 सितंबर को होगी।
याचिकाकर्ताओं की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ताओं एन. हरिहरन, विकास सिंह और गोपाल शंकरनारायणन ने दलील दी कि पुलिस ने CJP Protest में महिलाओं और बच्चों समेत शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर जरूरत से ज्यादा बल प्रयोग किया। उन्होंने इस पूरे मामले की स्वतंत्र विशेष जांच दल (SIT) या न्यायिक जांच कराने की मांग की।
RAF जवानों पर हमले का भी केस दर्ज
दूसरी ओर दिल्ली पुलिस ने CJP Protest के दौरान रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के दो जवानों पर कथित हमले के मामले में भी FIR दर्ज की है। सोशल मीडिया पर वायरल एक अन्य वीडियो में कुछ प्रदर्शनकारी सड़क पार कर रहे जवानों पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, दोनों घायल जवानों का अस्पताल में इलाज चल रहा है और मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
Also Read: Protest में और सख्ती की तैयारी? दिल्ली में CRPF और RAF की 24 कंपनियां की गई एयरलिफ्ट

