अफगानिस्तान में भूकंप: मलबे में दबने से 8 लोगों की मौत, दिल्ली-NCR तक कांपी धरती

Sandesh Wahak Digital Desk: अफगानिस्तान के उत्तरी हिस्से में शुक्रवार देर रात आए 5.9 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने भारी तबाही मचाई है। इस प्राकृतिक आपदा में अब तक कम से कम आठ लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई है। भूकंप के झटके इतने तेज थे कि इनका असर सैकड़ों किलोमीटर दूर भारत की राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में भी साफ महसूस किया गया।

काबुल में गिरा मकान, सो रहे लोगों की मौत

अफगानिस्तान नेशनल डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी के प्रवक्ता मोहम्मद यूसुफ हम्माद के मुताबिक, भूकंप के दौरान काबुल प्रांत में एक रिहायशी मकान भरभरा कर गिर गया। इस दर्दनाक हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल है। झटके महसूस होते ही राजधानी काबुल में अफरा-तफरी मच गई और लोग कड़ाके की ठंड के बावजूद घरों से बाहर निकल आए।

उत्तर भारत में भी दहशत का माहौल

शुक्रवार रात जब दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद और फरीदाबाद के लोग अपने घरों में थे, तभी अचानक धरती डोलने लगी। झटके इतने तेज थे कि घरों में रखा फर्नीचर और छतों पर लटके पंखे हिलने लगे। डर के मारे लोग ऊंची इमारतों और सोसायटियों से निकलकर खुले मैदानों की ओर भागे। कई लोगों ने बताया कि झटके कुछ सेकंड तक रहे, लेकिन उनकी तीव्रता डराने वाली थी। उत्तर प्रदेश और हरियाणा के कई जिलों से भी इसी तरह की खबरें सामने आई हैं।

भूकंप का केंद्र और गहराई

वैज्ञानिक आंकड़ों के अनुसार, इस भूकंप का केंद्र जमीन से लगभग 186.4 किलोमीटर नीचे था। गहराई अधिक होने के कारण ही इसके झटके दूर-दराज के इलाकों तक महसूस किए गए।

Also Read: पाकिस्तान की बढ़ी मुसीबत, मध्यस्थता की कोशिश के बीच UAE ने मांगा अपना कर्ज वापस

Get real time updates directly on you device, subscribe now.