एयर मार्शल तेजपाल सिंह ने संभाला डीसीएएस का पदभार, युद्ध स्मारक पर दी श्रद्धांजलि

Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय वायुसेना में वरिष्ठ अधिकारी एयर मार्शल तेजपाल सिंह (एवीएसएम, वीएम) ने शनिवार को आधिकारिक तौर पर डिप्टी चीफ ऑफ एयर स्टाफ (DCAS) का पदभार ग्रहण कर लिया है। कार्यभार संभालने के तुरंत बाद उन्होंने राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पहुंचकर देश की रक्षा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले अमर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की। 16 जून 1990 को फाइटर पायलट के रूप में वायुसेना में शामिल हुए एयर मार्शल तेजपाल सिंह का सैन्य करियर 36 वर्षों से अधिक का रहा है, जिसमें उनके पास 3,500 घंटे से अधिक उड़ान का अनुभव है। वह कैटेगरी-ए क्वालिफाइड फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर और एक्सपेरिमेंटल टेस्ट पायलट भी हैं। उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें राष्ट्रपति द्वारा 2011 में वायु सेना मेडल और 2021 में अति विशिष्ट सेवा मेडल से अलंकृत किया जा चुका है।

एयर मार्शल अवधेश कुमार भारती हुए सेवानिवृत्त

एयर मार्शल तेजपाल सिंह ने यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी एयर मार्शल अवधेश कुमार भारती (एसवाईएसएम, एवीएसएम, वीएम) के स्थान पर ली है। एयर मार्शल भारती 31 जुलाई 2026 को भारतीय वायुसेना में 39 साल की अपनी गौरवशाली और समर्पित सेवा पूरी करने के बाद सेवानिवृत्त हुए। भारतीय वायुसेना ने राष्ट्र की सुरक्षा में उनके अप्रतिम योगदान और लंबे कार्यकाल की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए उनके प्रति अपना सम्मान प्रकट किया है।

वाइस एडमिरल एएन प्रमोद बने नौसेना के नए उप प्रमुख

दूसरी ओर, भारतीय नौसेना में भी एक प्रमुख नियुक्ति हुई है। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान नौसेना की सामरिक तैयारियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले वाइस एडमिरल एएन प्रमोद ने शनिवार को नौसेना के उप प्रमुख का पदभार संभाल लिया। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, वह वाइस एडमिरल तरुण सोबती की जगह लेंगे, जो उत्तम युद्ध सेवा पदक, अति विशिष्ट सेवा पदक और विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित होने के बाद शुक्रवार को सेवानिवृत्त हुए।

शानदार 36 वर्षों का करियर और विशेषज्ञता

गोवा स्थित नौसेना अकादमी के 38वें इंटीग्रेटेड कैडेट कोर्स के छात्र रहे वाइस एडमिरल ए.एन. प्रमोद को 1 जुलाई 1990 को भारतीय नौसेना में कमीशन मिला था। अति विशिष्ट सेवा मेडल और युद्ध सेवा पदक से सम्मानित वाइस एडमिरल प्रमोद ‘कैट ए’ सी किंग एयर ऑपरेशंस ऑफिसर होने के साथ-साथ संचार और इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर के जाने-माने विशेषज्ञ हैं। वेलिंगटन स्थित डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज और गोवा के नेवल वॉर कॉलेज से उच्च शिक्षा प्राप्त इस फ्लैग ऑफिसर ने अपने 36 साल से अधिक के करियर में जल और थल दोनों जगह कई महत्वपूर्ण कमान, परिचालन व प्रशिक्षण पदों की जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है।

Also Read: राहुल गांधी, पप्पू यादव और अवधेश प्रसाद पर FIR, संसद भवन परिसर में किया था विवादित प्रदर्शन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.