कानपुर में 6 बेजुबानों की मौत से भड़के लोग, जहर देने की आशंका, कई संदिग्ध हिरासत में

Kanpur News: उत्तर प्रदेश के कानपुर में बेजुबान जानवरों की लगातार मौत से हड़कंप मच गया है। चौक सराफा के धोबी मोहाल इलाके में गुरुवार को पांच कुत्ते मृत मिले थे। इसके अगले दिन शुक्रवार सुबह एक सांड़ भी सड़क किनारे मृत अवस्था में मिला। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि सभी जानवरों को जहर देकर मारा गया है।

नारियल बाजार निवासी अनिल वर्मा ने बताया कि सावन माह के दूसरे दिन सुबह उनके घर के पास एक सांड़ मृत मिला। उसके मुंह से झाग निकल रहा था। वहीं, इससे एक दिन पहले इसी जगह पांच कुत्तों के शव मिले थे। दो दिनों में छह बेजुबानों की मौत से क्षेत्रीय लोग नाराज हो गए और जमकर हंगामा किया।

संदिग्ध पर लगाए आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच

स्थानीय लोगों ने एक मकान में रहने वाले किरायेदार पर साजिश के तहत खाद्य पदार्थों में जहर मिलाकर जानवरों को मारने का आरोप लगाया। लोगों का कहना है कि केमिकल का काम करने वाला एक युवक सड़क पर कूड़ा और अन्य सामान फिंकवा रहा है, जिसे खाने से जानवरों की मौत हो रही है।

हंगामे की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को कार्रवाई का भरोसा देकर शांत कराया। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर करीब आधा दर्जन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाया। टीम ने घटनास्थल के आसपास से खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है।

एसीपी कोतवाली अमित कुमार पांडेय ने बताया कि कुत्तों के शव नगर निगम टीम ले जा चुकी है, जबकि सांड़ के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने बताया कि अनिल वर्मा की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर संदिग्धों से पूछताछ और सीसीटीवी जांच जारी है।

Also Read: एयर मार्शल तेजपाल सिंह ने संभाला डीसीएएस का पदभार, युद्ध स्मारक पर दी श्रद्धांजलि 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.