भाजपा का भ्रष्टाचार सुरसा का मुंह है, मेरठ से शुरू होगा नया आर्थिक स्वतंत्रता आंदोलन: अखिलेश यादव

Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने नोएडा की श्रमिक हिंसा और मेरठ के व्यापारिक गतिरोध को लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा का बुलडोजर दुकानों पर नहीं, बल्कि भारत की आत्मनिर्भर अर्थव्यवस्था पर चल रहा है। साथ ही उन्होंने बैसाखी और डॉ. आंबेडकर जयंती की पूर्व संध्या पर देशवासियों को बधाई भी दी।

नोएडा हिंसा: ‘पूंजीपतियों के एटीएम भर रही भाजपा’

नोएडा में वेतन वृद्धि को लेकर हुए उग्र आंदोलन पर अखिलेश यादव ने कहा कि यह भाजपा की एकतरफा नीतियों का नतीजा है। “भाजपा चंदा देने वाले पूंजीपतियों के एटीएम तो भर रही है, लेकिन मजदूरों के वेतन के लिए इनके एटीएम खाली हैं। बेतहाशा महंगाई में कम वेतन में घर चलाना कितना मुश्किल है, यह सिर्फ एक परिवारवाला ही समझ सकता है। आज का वेतनभोगी कह रहा है- नहीं चाहिए भाजपा।”

मेरठ: ‘आर्थिक गुलामी’ के खिलाफ दूसरी क्रांति

1857 की क्रांति का स्मरण करते हुए अखिलेश ने कहा कि मेरठ एक बार फिर इतिहास दोहराएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा जिस ‘आर्थिक गुलामी’ को देश पर थोपना चाहती है, उसका अंत भी मेरठ से ही होगा। मेरठ से ‘नया आर्थिक स्वतंत्रता आंदोलन’ जन्म ले रहा है जो सत्ताधारी गिरोह के खिलाफ होगा। उन्होंने कहा कि जो बड़े व्यापारी आज भाजपा के साथ हैं, वे भी जल्द ही इनकी गलत नीतियों का शिकार बनेंगे। भाजपा सिर्फ उस ‘अकूत महा-राशि’ की सगी है जो चंदे के नाम पर वसूली जाती है।

भ्रष्टाचार और सुरसा का मुंह

सपा प्रमुख ने तीखा प्रहार करते हुए कहा कि “भाजपा के भ्रष्टाचार का पेट सुरसा का मुँह है।” उन्होंने आरोप लगाया कि मल्टीनेशनल कंपनियों और चुनिंदा खरबपतियों के इशारे पर भारत का परंपरागत व्यापार खत्म किया जा रहा है ताकि पूरी अर्थव्यवस्था पर भाजपाइयों का कब्जा हो सके।

बैसाखी और बाबा साहब को नमन

राजनीतिक हमलों के बीच अखिलेश यादव ने बैसाखी के पावन पर्व और डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती पर भी संदेश दिया। उन्होंने खालसा पंथ की स्थापना और सिख नववर्ष की बधाई देते हुए जलियांवाला बाग के शहीदों को नमन किया। बाबा साहब को याद करते हुए उन्होंने कहा कि आज डॉ. अम्बेडकर की प्रासंगिकता और बढ़ गई है। उनके बनाए संविधान से ही देश का लोकतंत्र और भाईचारा सुरक्षित रह सकता है।

Also Read: दिल्ली आबकारी मामला: हाई कोर्ट में जज से भिड़े केजरीवाल, बोले- आपका आदेश पक्षपात दिखाता है

Get real time updates directly on you device, subscribe now.