‘अधिकारियों की भाजपा सरकार में कोई अहमियत नहीं’, अखिलेश यादव का बड़ा हमला
Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने विदेशी फंडिंग (FCRA Amendment 2026) से लेकर इलेक्टोरल बॉन्ड, व्यापारिक पक्षपात और नौकरशाही में बढ़ते असंतोष जैसे गंभीर मुद्दों पर सरकार को घेरा। अखिलेश ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भाजपा की ‘अति-नियंत्रणवादी’ सोच देश के लोकतंत्र और अर्थव्यवस्था के लिए घातक साबित हो रही है।
NGO बिल पर सवाल: “पीएम केयर फंड का हिसाब कब?”
अखिलेश यादव ने ‘Foreign Contribution (Regulation) Amendment 2026’ को एक बड़ी धांधली करार दिया। उन्होंने पूछा जो पैसा पीएम केयर फंड में विदेशों से आया, क्या उसे भी ऑडिट में छूट देकर गटक लिया जाएगा? जब सुप्रीम कोर्ट ने इलेक्टोरल बॉन्ड को अवैध घोषित कर दिया है, तो उससे मिला पैसा भाजपा कब लौटाएगी? उन्होंने मंदिर निर्माण के नाम पर बटोरे गए चंदे और भाजपा से संबद्ध संगठनों (परिषद, वाहिनी आदि) के खातों की जांच और वसूली की मांग की।
व्यापार जगत को संदेश: “भाजपा का पक्षपातपूर्ण ATM बंद होगा”
सपा अध्यक्ष ने देश के कारोबारियों से अपील करते हुए कहा कि भाजपा की एकतरफा नीतियों ने व्यापार जगत में भूचाल ला दिया है। विदेशी निवेशक विश्वास खो रहे हैं क्योंकि उन्हें भारतीय कारोबारियों के बीच ही भारी भेदभाव दिख रहा है। उन्होंने डॉ. लोहिया को याद करते हुए कहा कि असमान अवसरों के कारण जब ‘पूंजीपति ही पूंजीपति को खत्म करने लगता है’, तो इसका नुकसान MSME और आम जनता को उठाना पड़ता है।
‘जो पीड़ित, वो PDA’: अफसरों और कर्मचारियों को भरोसा
आईएएस रिंकू सिंह राही के इस्तीफे के बाद उपजे हालात पर अखिलेश ने अधिकारियों को सलाह दी। भावावेश में न लें फैसला, अच्छे अधिकारी इस्तीफा न दें, क्योंकि ‘बुरे दिन जाने वाले हैं’। उन्होंने तंज कसा कि बीजेपी में केवल उन अफसरों की पूछ है जो निवेश में 5 प्रतिशत ‘प्रवेश शुल्क’ वसूलते हैं। उन्होंने वादा किया कि आगामी ‘PDA’ सरकार (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) जनता की सरकार होगी और कुशल अधिकारियों को उचित मान-सम्मान देगी।
‘भगोड़े भाइयों’ पर चुप्पी क्यों?
अखिलेश ने सरकार से पूछा कि जो पैसा वैध रूप से विदेश से आ रहा है, उस पर तो प्रतिबंध लगाए जा रहे हैं, लेकिन जो अकूत धन अवैध रूप से विदेश जा रहा है, उस पर कार्रवाई क्यों नहीं होती? उन्होंने ‘भगोड़े भाजपाई भाइयों’ की संपत्तियां जब्त करने की मांग की।
Also Read: मेरठ कचहरी में ‘बम’ की दहशत: ईमेल से मिली 13 धमाकों की धमकी, खाली कराया गया पूरा परिसर

