शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद को बड़ी राहत, इलाहाबाद हाईकोर्ट ने गिरफ्तारी पर लगाई रोक

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तराखंड स्थित ज्योतिर्मठ के पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती और उनके शिष्य मुकुंदानंद ब्रह्मचारी को इलाहाबाद हाईकोर्ट से बड़ी कानूनी राहत मिली है। पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत दर्ज एक विवादित मामले में हाईकोर्ट ने शंकराचार्य की गिरफ्तारी पर फिलहाल रोक लगा दी है। करीब एक घंटे तक चली मैराथन बहस के बाद जब कोर्ट ने अपना अंतरिम आदेश सुनाया, तो अदालत परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

अदालत में जोरदार बहस: ‘साजिश’ बनाम ‘प्रक्रिया’

सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी दलीलें पेश की गईं। अपर महाधिवक्ता मनीष गोयल ने अग्रिम जमानत की याचिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि बिना निचली अदालत जाए सीधे हाईकोर्ट आना नियमों के विरुद्ध है। उन्होंने इसे सामान्य मामला बताते हुए याचिका को खारिज करने की मांग की।

सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता डॉ. पीएन मिश्र और दिलीप गुप्ता ने दलील दी कि यह पूरा मामला “प्रायोजित और साजिश” का हिस्सा है। उन्होंने कोर्ट को बताया कि शिकायतकर्ता खुद एक हिस्ट्रीशीटर (27A) है, जिस पर गो-तस्करी, सामूहिक दुष्कर्म और गैंगस्टर एक्ट जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं।

विवेचना पर उठे सवाल: कहां हैं बच्चे?

बचाव पक्ष ने पुलिस की कार्यप्रणाली और एफआईआर की टाइमिंग पर गंभीर सवाल खड़े किए। पहले 18 जनवरी को मारपीट की शिकायत की गई, जब उसमें केस दर्ज नहीं हुआ तो पॉक्सो की अर्जी डाल दी गई। कथित घटना के करीब एक माह बाद बच्चों का मेडिकल कराया गया।

जिन बच्चों को पीड़ित बताया गया, वे हरदोई के एक संस्थान के छात्र हैं। कोर्ट ने सरकार से पूछा कि बच्चे फिलहाल कहां हैं, जिस पर बताया गया कि उन्हें बाल कल्याण समिति ने माता-पिता को सौंप दिया है।

विवाद की पृष्ठभूमि

यह मामला इलाहाबाद जिला न्यायालय की पॉक्सो कोर्ट के आदेश पर झूंसी थाने में दर्ज किया गया था। शंकराचार्य और उनके शिष्यों पर बाल यौन शोषण जैसे गंभीर आरोप लगाए गए थे। हालांकि, बचाव पक्ष का आरोप है कि मौनी अमावस्या के समय से शुरू हुआ विवाद और सरकार के साथ चल रही तनातनी के कारण यह ‘झूठा मुकदमा’ दर्ज कराया गया है।

हाईकोर्ट ने फिलहाल गिरफ्तारी पर रोक लगाते हुए अपना निर्णय सुरक्षित रख लिया है। इस आदेश के बाद शंकराचार्य के समर्थकों और सनातनी समाज में खुशी की लहर है।

Also Read: Badaun News: बिल्सी में बनेगा 7 KM लंबा बाईपास, सीएम योगी ने इस प्रोजेक्ट को दिखाई हरी झंडी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.