Badaun News: बिल्सी में बनेगा 7 KM लंबा बाईपास, सीएम योगी ने इस प्रोजेक्ट को दिखाई हरी झंडी
Sandesh Wahak Digital Desk: बदायूं जिले के बिल्सी विधानसभा क्षेत्र की जनता के लिए एक बड़ी और खुशहाल खबर है। शहर को भीषण जाम से मुक्ति दिलाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 73 करोड़ 76 लाख रुपये की लागत से बनने वाले 7 किलोमीटर लंबे बाईपास के निर्माण को अंतिम मंजूरी दे दी है। इस प्रोजेक्ट के शुरू होने से न केवल व्यापारियों और किसानों को राहत मिलेगी, बल्कि जिले की कनेक्टिविटी भी और बेहतर होगी।
विधायक की पहल, मुख्यमंत्री की मुहर
बिल्सी नगर में जाम की समस्या दशकों पुरानी थी। क्षेत्रीय विधायक हरीश शाक्य लंबे समय से इस बाईपास के लिए प्रयासरत थे। उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष जनता की पीड़ा और व्यापारिक नुकसान का हवाला देते हुए इस बाईपास की मांग रखी थी। मुख्यमंत्री ने जनहित को सर्वोपरि रखते हुए तत्काल विभागीय अधिकारियों को कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए थे, जिसके बाद अब बजट और निर्माण को स्वीकृति मिल गई है।
कैसा होगा बाईपास का रूट?
विधायक हरीश शाक्य ने प्रोजेक्ट की विस्तृत जानकारी साझा करते हुए बताया यह बाईपास कुल 7 किलोमीटर लंबा होगा। इसकी शुरुआत बदायूं-बिजनौर हाईवे से होगी। इसके बाद यह रायपुर, मिश्रीपुर और मुकैया होते हुए इस्लाम नगर मार्ग को सीधे जोड़ देगा। इस बाईपास के बनने से भारी वाहन शहर के बाहर से ही निकल जाएंगे। इससे मंडी में लगने वाले जाम से व्यापारियों और अपनी उपज लेकर आने वाले किसानों को बड़ी राहत मिलेगी।
विकास की राह पर बिल्सी
विधायक ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में सड़कों के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। उन्होंने कहा कि बाईपास का निर्माण केवल सड़क बनाना नहीं, बल्कि क्षेत्र की आर्थिक प्रगति का द्वार खोलना है। दिन-प्रतिदिन मंडी और मुख्य चौराहों पर लगने वाले जाम से जो समय और ईंधन की बर्बादी होती थी, अब वह इतिहास बन जाएगी।
Also Read: अंधेरों से लड़ने का हौसला दे गया नाटक अदृश्य, मंच पर दिखा जिंदगी का अनूठा जज्बा

