Amethi News: चिलौली गांव में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस
Sandesh Wahak Digital Desk: अमेठी जिले के इन्हौना थाना क्षेत्र के चिलौली गांव में गुरुवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव बाग में आम के पेड़ से लटका हुआ पाया गया। राहगीरों ने जब शव देखा तो शोर मचाया, जिसके बाद देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों का हुजूम उमड़ पड़ा। सूचना मिलते ही पुलिस और परिजनों में हड़कंप मच गया।
मामा के घर बचपन से रह रहा था शुभम
मृतक की पहचान शुभम कुमार कोरी (22 वर्ष) के रूप में हुई है। शुभम मूल रूप से मोहनगंज थाना क्षेत्र के सरनाम का पुरवा (मजरे कोंची) का निवासी था। जानकारी के मुताबिक, शुभम बचपन से ही चिलौली गांव में अपने मामा राम जीवन के घर पर रह रहा था।
बाग में मिला शव, सदमे में परिवार
ग्रामीणों ने शुभम का शव चिलौली स्थित रानू तिवारी के बाग में आम के पेड़ से लटकता हुआ देखा। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक की मां सुमित्रा देवी और छोटी बहन चाहत सहित पूरे परिवार में चीख-पुकार मच गई। इन्हौना थाना प्रभारी विवेक सिंह अपनी टीम के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और बारीकी से निरीक्षण किया।
पुलिस की कार्रवाई
थाना प्रभारी विवेक सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया शव को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है कि यह आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य कारण।
Also Read: Lucknow News: सपा नेता आईपी सिंह पर FIR, सीएम योगी का विवादित AI वीडियो पोस्ट करने का आरोप

