ईरान-इजरायल तनाव के बीच होर्मुज में थमी जहाजों की रफ्तार, क्रूड ऑयल की कीमत में आया उछाल

Sandesh Wahak Digital Desk: ईरान द्वारा दो जहाजों को जब्त किए जाने के बाद दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल मार्ग, होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की आवाजाही पूरी तरह ठप्प हो गई है। जब्त किए गए जहाजों में से एक गुजरात के कांडला बंदरगाह की ओर आ रहा था। इस तनाव का सीधा असर अंतरराष्ट्रीय बाजार में दिखा, जहाँ ब्रेंट क्रूड की कीमतें उछलकर 103 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुँच गई हैं।

भारत अपनी जरूरत का लगभग 50% कच्चा तेल और एलपीजी का एक बड़ा हिस्सा इसी मार्ग से आयात करता है। आपूर्ति बाधित होने की आशंका के बीच केंद्र सरकार ने आम जनता को राहत देने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क में 10 रुपये प्रति लीटर की कटौती कर दी है, ताकि वैश्विक स्तर पर बढ़ती कीमतों का बोझ घरेलू उपभोक्ताओं पर न पड़े।

ईरान के मुख्य वार्ताकार मोहम्मद बाघेर गालिबाफ ने स्पष्ट किया है कि अमेरिका और इजरायल द्वारा युद्धविराम के उल्लंघन और ईरानी बंदरगाहों की नाकेबंदी के कारण फिलहाल होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलना संभव नहीं है। वहीं, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने बातचीत की इच्छा तो जताई, लेकिन उन्होंने समझौतों के उल्लंघन और धमकियों को मुख्य बाधा करार दिया।

सुरक्षित पहुँचा भारतीय टैंकर देश गरिमा

तनाव के बीच एक राहत भरी खबर यह रही कि भारतीय नौसेना की सुरक्षा में तेल टैंकर देश गरिमा बुधवार को सुरक्षित रूप से मुंबई तट पर पहुँच गया। इस टैंकर में 97,000 मीट्रिक टन कच्चा तेल मौजूद है और इसमें सवार सभी 31 भारतीय क्रू मेंबर सुरक्षित हैं।

Also Read: UP Board 12th Toppers 2026: सीतापुर की शिखा वर्मा बनीं प्रदेश की टॉपर, टॉप-3 में बेटियों का दबदबा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.