Baghpat News: सिपाही को ब्लैकमेल कर कराया धर्म परिवर्तन, फिर किया निकाह, आरोपी महिला गिरफ्तार

Baghpat News: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले से एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है जिसने पुलिस महकमे को भी हैरान कर दिया है। खेकड़ा कोतवाली में तैनात एक सिपाही ने दिल्ली की महिला पर जबरन धर्म परिवर्तन कराने और शोषण करने का बेहद गंभीर आरोप लगाया है। सिपाही की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।

पीड़ित सिपाही श्रीकांत ने अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया कि साल 2012 में जब वह गाजियाबाद में तैनात था, तब उसकी मुलाकात दिल्ली की रहने वाली हिना से हुई थी। शुरुआत में दोनों के बीच दोस्ती हुई, लेकिन जल्द ही हिना ने उसे इस्लाम कबूल कर निकाह करने के लिए मजबूर करना शुरू कर दिया।

जेल, केस और 14 लाख की वसूली

सिपाही का आरोप है कि जब उसने धर्म बदलने से इनकार किया, तो हिना ने उस पर दुष्कर्म का झूठा केस दर्ज करा दिया। दिल्ली के अंबेडकर नगर थाने में मामला दर्ज होने के बाद सिपाही को जेल तक जाना पड़ा। केस वापस लेने के बदले महिला ने सिपाही से कथित तौर पर 14 लाख रुपये वसूले। हिना ने शर्त रखी कि अगर वह इस्लाम कबूल कर ले, तो वह केस खत्म कर देगी। अपनी नौकरी और इज्जत बचाने के लिए श्रीकांत ने घुटने टेक दिए और निकाह कर लिया।

खतना और मस्जिद ले जाने का आरोप

कांस्टेबल श्रीकांत ने पुलिस को बताया कि धर्म परिवर्तन के बाद भी उसका शोषण खत्म नहीं हुआ। उसे जबरन दिल्ली की फतेहपुरी मस्जिद ले जाकर मुस्लिम होने का प्रमाण पत्र बनवाया गया। यही नहीं, उस पर खतना कराने और जमात में शामिल होने के लिए भी मानसिक दबाव बनाया गया। लगातार हो रहे शोषण से तंग आकर आखिरकार सिपाही ने हिम्मत जुटाई और खेकड़ा कोतवाली में मामला दर्ज कराया। कोतवाली प्रभारी प्रभाकर कैंतूरा ने बताया कि सिपाही की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी महिला हिना को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

Also Read: बीजेपी ने इंस्टाग्राम स्टार अंकिता परमार को बनाया उम्मीदवार, वडोदरा की पोर सीट पर अपने खफा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.