सरयू नदी पर बन रहे पुल का लोहे का ढांचा गिरा, दो मजदूरों की मौत
Ballia News: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। बुधवार की सुबह सरयू नदी पर बन रहे एक नए पुल के निर्माण के दौरान लोहे का भारी-भरकम ढांचा अचानक गिर गया। इस हादसे की चपेट में आने से दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
घटना बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे की है। उभांव थाना क्षेत्र के बेल्थरा रोड स्थित मधुबनी गांव के पास सरयू नदी पर पुल का निर्माण कार्य चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मजदूर पिलर बनाने के लिए लोहे की सरिया बांध रहे थे। इसी दौरान लोहे का विशालकाय ढांचा अचानक भरभराकर नीचे गिर गया। ढांचा इतनी तेजी से गिरा कि वहां काम कर रहे मजदूरों को संभलने या भागने का मौका तक नहीं मिला। चार मजदूर सीधे मलबे और लोहे के भारी गाडर्स के नीचे दब गए।
रेस्क्यू ऑपरेशन और चीख-पुकार
हादसे के बाद मौके पर कोहराम मच गया। आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े, लेकिन लोहे का ढांचा इतना भारी था कि उसे हटाना मुमकिन नहीं था। आखिरकार जेसीबी (JCB) मशीन बुलाई गई और मलबे को हटाकर चारों मजदूरों को बाहर निकाला गया। डॉक्टरों ने बताया कि जब मजदूरों को अस्पताल लाया गया, तब तक दो की सांसें थम चुकी थीं।
मृतक और घायलों की पहचान
हादसे का शिकार हुए मजदूर उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों के रहने वाले थे। मृतक पप्पू (30 वर्ष) और अमित (29 वर्ष) दोनों लखीमपुर खीरी जिले के खैरापूर्वा गांव के निवासी थे। वहीं गंभीर रूप से घायल जुगल (21 वर्ष) पीलीभीत का रहने वाला है। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बलिया जिला अस्पताल रेफर किया गया है। एक और मजदूर को मामूली चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची और छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पीड़ित परिवारों को सूचित कर दिया गया है। फिलहाल यह जांच का विषय है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं।
Also Read: Badaun News: बिल्सी में बनेगा 7 KM लंबा बाईपास, सीएम योगी ने इस प्रोजेक्ट को दिखाई हरी झंडी

