Bareilly News: बारादरी पुलिस ने 7 लाख की अफीम के साथ शातिर तस्कर को दबोचा
Sandesh Wahak Digital Desk: बरेली की बारादरी पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान रेलवे ग्राउंड के पास से एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से अंतरराष्ट्रीय बाजार में ₹7 लाख कीमत की अवैध अफीम बरामद हुई है। गिरफ्तार अभियुक्त अपने फरार साथी के इशारे पर माल की सप्लाई करने आया था।
गश्त के दौरान गिरफ्त में आया तस्कर
प्रभारी निरीक्षक धनंजय पाण्डेय के नेतृत्व में बारादरी पुलिस की टीम 2 और 3 अप्रैल की दरमियानी रात गश्त पर थी। इसी दौरान रेलवे ग्राउंड के पास संदिग्ध स्थिति में खड़े एक युवक को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 389 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई।
अभियुक्त की पहचान प्रमोद (उम्र 26 वर्ष), निवासी राधे नगर निसोई, थाना बिशारतगंज, बरेली के रूप में की गई है। पुलिस ने अभियुक्त के पास से अफीम के साथ-साथ पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (UP 25 DQ 2059) भी जब्त की है।
राजनीतिक पकड़ के झांसे में फंसा प्रमोद
पूछताछ में प्रमोद ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि वह अनपढ़ है और खेती-बाड़ी करता है। उसके मौसेरे भाई आकाश (निवासी मऊ चन्दपुर, आंवला) ने उसे अधिक पैसे कमाने का लालच दिया था। उनसे बताया कि आकाश ने मुझसे (प्रमोद) कहा था कि मेरी राजनीतिक पकड़ बहुत मजबूत है, अगर पुलिस पकड़ेगी तो मैं संभाल लूंगा। इसी प्रलोभन में आकर मैं आकाश से माल लेकर यहां बेचने आया था।
पुलिस की कार्रवाई और फरार की तलाश
बारादरी पुलिस ने प्रमोद के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 8/18/29 के तहत मुकदमा (मु.अ.सं. 395/2026) दर्ज कर लिया है। मामले में मुख्य साजिशकर्ता और माल का सप्लायर आकाश पुत्र वीरपाल फिलहाल फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। गिरफ्तार प्रमोद को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
Also Read: Pratapgarh News: TET बाध्यता के खिलाफ शिक्षकों का ‘दिल्ली कूच’, रामलीला मैदान में गूंजेगी हक की आवाज

