Bareilly News: परिवार को पीटकर दी थी जान से मारने की धमकी, पुलिस ने दो वांछितों को भेजा जेल

Sandesh Wahak Digital Desk: बरेली जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत भोजीपुरा थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में फरार चल रहे दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए अभियुक्तों ने पिछले दिनों एक ही परिवार के साथ हिंसक वारदात को अंजाम दिया था।

क्या था मामला?

बीती 23 अप्रैल 2026 को ग्राम अटापट्टी जनूबी के निवासी रामस्वरूप ने पुलिस को सूचना दी थी कि अभियुक्तों ने उनके और उनके परिवार के साथ बर्बरतापूर्ण मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। इस शिकायत पर पुलिस ने मु0अ0सं0 255/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं में 06 नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। विवेचना के दौरान मामले की गंभीरता को देखते हुए धारा 109 BNS की भी बढ़ोतरी की गई थी।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी

रविवार, 03 मई 2026 को थाना भोजीपुरा पुलिस टीम को मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि मामले के दो वांछित अभियुक्त हंसा फाटक से ग्राम हंसा जाने वाले मार्ग पर कहीं भागने की फिराक में खड़े हैं। प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्यवाही करते हुए घेराबंदी की और सुबह करीब 09:05 बजे दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान

मुकेश (28 वर्ष) पुत्र मूलचंद, निवासी ग्राम अटापट्टी जनूबी।

कालीचरन (65 वर्ष) पुत्र रोशनलाल, निवासी ग्राम अटापट्टी जनूबी।

आपसी विवाद में हुई थी मारपीट

पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों ने अपना जुर्म स्वीकार किया है। उन्होंने बताया कि 23 अप्रैल को रामस्वरूप के परिवार के साथ उनका आपसी विवाद हुआ था, जिसमें आवेश में आकर उन्होंने मारपीट की। इस दौरान रामस्वरूप के पुत्र रोहित को भी गंभीर चोटें आई थीं। पुलिस ने दोनों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

सराहनीय कार्य करने वाली पुलिस टीम

इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार, उपनिरीक्षक तनवेश कुमार, मुख्य आरक्षी इरशाद हुसैन और आरक्षी दीपक व शिवम कुमार शामिल रहे।

Also Read: सपा मुख्यालय में मेधावियों का जमावड़ा, अखिलेश यादव ने लैपटॉप देकर बढ़ाया जिला टॉपर्स का हौसला

Get real time updates directly on you device, subscribe now.