Bareilly News: बाइपास पर टकराई बोलेरो और बाइक, 5 की मौत, 3 की हालत नाजुक
Sandesh Wahak Digital Desk: बरेली के सीबीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ा बाइपास पर रविवार शाम एक बार फिर मौत का तांडव देखने को मिला। परधौली तिराहे के पास सड़क किनारे खड़े एक क्षतिग्रस्त टैंकर से पहले एक तेज रफ्तार बोलेरो टकराई और फिर पीछे से आ रही बाइक उसमें जा घुसी। इस तिहरे हादसे में 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो मासूम बच्चों सहित तीन लोग जीवन और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं।
लापरवाही ने ली 5 जिंदगियां
हैरान करने वाली बात यह है कि जिस टैंकर से यह टक्कर हुई, वह शनिवार को ही एक रोडवेज बस से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। प्रशासन और पुलिस ने 24 घंटे बीतने के बाद भी उस टैंकर को हाईवे से नहीं हटवाया, जो आज पांच लोगों के लिए ‘यमदूत’ साबित हुआ।
अटा कायस्थान निवासी साहबजाद खां (45 वर्ष) और मुम्त्याज खां (65 वर्ष) अपनी बाइक से तालाब में मछली पकड़ने जा रहे थे। हादसे में इन दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बोलेरो में सवार दो अन्य लोगों की भी मौत हुई है, जिनकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
हादसे में दो बच्चों समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने घायलों की स्थिति अत्यंत चिंताजनक बताई है।
पुलिस की कार्रवाई
हादसे की सूचना मिलते ही सीबीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद वाहनों में फंसे शवों और घायलों को बाहर निकाला। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया है। हाईवे पर लगे जाम को खुलवाकर यातायात सुचारू कराया गया है।

