बिजनौर पुलिस ने उवैद और जलाल को किया गिरफ्तार, भड़काऊ पोस्ट पर ADG अमिताभ यश की सख्त चेतावनी

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में सोशल मीडिया के जरिए हिंसा भड़काने और अवैध हथियारों का प्रदर्शन कर युवाओं को गुमराह करने वालों के खिलाफ UP Police ने निर्णायक कार्रवाई शुरू कर दी है। जनपद बिजनौर में दर्ज एक गंभीर मामले में पुलिस ने दो मुख्य अभियुक्तों उवैद मलिक और जलाल हैदर उर्फ समीर जाफरी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। वहीं, कानून के शिकंजे से बचने के लिए विदेश भाग गए तीन अन्य अभियुक्तों के खिलाफ लुकआउट नोटिस (Lookout Notice) जारी किया गया है।

एडीजी अमिताभ यश ने दी सख्त चेतावनी

अपर पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) अमिताभ यश ने इस मामले में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर लगातार नजर रख रही है। उन्होंने कहा बिजनौर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उवैद मलिक और जलाल हैदर को दबोच लिया है। ये लोग सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ वीडियो डालकर युवाओं को हिंसात्मक गतिविधियों के लिए उकसा रहे थे।

इस मामले में संलिप्त तीन अन्य आरोपी वर्तमान में विदेश में रह रहे हैं। उनके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी कर दिया गया है, ताकि उन्हें भारत वापस लाकर कानूनी कार्यवाही की जा सके।

युवाओं को गुमराह करने की साजिश नाकाम

पुलिस के अनुसार, ये अभियुक्त एक सोची-समझी साजिश के तहत युवाओं के बीच ‘गैंगस्टर कल्चर’ और हिंसा को बढ़ावा देने का प्रयास कर रहे थे। इनके पास से डिजिटल साक्ष्य और आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई है। बिजनौर में पंजीकृत इस अभियोग के बाद पुलिस अब इनके पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है।

UP पुलिस की सख्त चेतावनी

एडीजी अमिताभ यश ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर किसी भी तरह का भड़काऊ कंटेंट डालना या हथियारों का प्रदर्शन करना अपराध की श्रेणी में आता है। उन्होंने युवाओं से अपील की है कि वे ऐसे तत्वों के बहकावे में न आएं और डिजिटल माध्यमों का सकारात्मक उपयोग करें।

Also Read: Mathura News: यमुना में नाव पलटी, पंजाब के 10 श्रद्धालुओं की मौत, सीएम योगी ने जताया दुख

Get real time updates directly on you device, subscribe now.